Akash Anand: 2027 यूपी विधानसभा चुनाव से पहले बसपा नेता आकाश आनंद ने हाथरस के सादाबाद में योगी सरकार पर रोजगार, शिक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सरकारी नौकरियों, पेपर लीक, स्कूल बंद होने और सरकारी विज्ञापनों पर खर्च को लेकर सवाल उठाए। आकाश आनंद ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी हमला बोला और दोनों को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया।
ADVERTISEMENT
Akash Anand: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा नेता आकाश आनंद ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है. हाथरस के सादाबाद में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने रोजगार, शिक्षा और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर योगी सरकार को घेरा.
इतना ही नहीं, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा. दोनों नेताओं को आकाश आनंद ने ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया. उन्होंने अखिलेश यादव की उम्र का जिक्र करते हुए कहा कि वह 30 साल के हैं, जबकि अखिलेश 50 के.
‘10 साल का हिसाब देना होगा’
बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और अब उत्तर प्रदेश सरकार से पिछले 10 साल के काम का हिसाब पूछा जाना चाहिए. उन्होंने भाजपा सरकार पर रोजगार, शिक्षा और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया.
आकाश आनंद ने दावा किया कि प्रदेश में 4 लाख से ज्यादा सरकारी पद खाली पड़े हैं. कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक हुए हैं. कहा कि पिछले एक दशक में सरकार ने विज्ञापनों पर 7,000 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए हैं. अगर यही पैसा परीक्षाओं और रोजगार पर खर्च होता तो बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी नौकरी मिल सकती थी.
स्कूल बंद होने और रोजगार के आंकड़ों पर सवाल
आकाश ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 25 हजार से ज्यादा स्कूल बंद किए गए हैं. उन्होंने सरकार के रोजगार के आंकड़ों पर भी सवाल उठाया. आकाश आनंद ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति हफ्ते में एक दिन नाश्ता बेच रहा है या सड़क किनारे ठेला लगा रहा है, तो उसे भी रोजगार पाने वालों की गिनती में शामिल कर लिया जाता है.
‘अखिलेश भैया नहीं, अंकल हैं’
अखिलेश यादव पर हमला करते हुए आकाश आनंद ने सपा के PDA फॉर्मूले पर भी सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का पीडीए लगातार बदलता रहता है. इसके बाद उन्होंने अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहने की वजह भी बताई. आकाश आनंद ने कहा, “मैं 30 का हूं, वह 50 के हैं… और क्या कहूं! वह मेरे लिए भैया नहीं, अंकल हैं. और मैं यह सम्मान के साथ कह रहा हूं.” उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी ‘राहुल अंकल’ कहकर संबोधित किया.
एक्सप्रेसवे से लेकर कानून-व्यवस्था तक सरकार को घेरा
आकाश आनंद ने विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए. उन्होंने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उद्घाटन के एक महीने के भीतर कई जगह सड़क धंस गई. इसके मुकाबले उन्होंने मायावती के मुख्यमंत्री कार्यकाल में बने यमुना एक्सप्रेसवे का जिक्र किया और उसकी गुणवत्ता को लेकर अपनी बात रखी.
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी उन्होंने योगी सरकार को घेरा. अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘एनकाउंटर स्पेशलिस्ट’ वाले दावे पर भी तंज कसा.
राहुल गांधी और कांग्रेस पर भी निशाना
आकाश आनंद ने कांग्रेस को भी नहीं बख्शा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता बीआर आंबेडकर के संविधान की बात करते हैं, लेकिन जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है, वहां भी वह वही कर रही है जो भाजपा सरकार कर रही है. उन्होंने कहा कि सिर्फ संविधान की बात करने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि सरकार के कामकाज को भी देखना होगा.
युवाओं से बोले- सिर्फ प्रदर्शन से नहीं बदलेगी सरकार
दिल्ली और देश के दूसरे हिस्सों में हाल के छात्र और युवा प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए आकाश आनंद ने कहा कि वह उन नेताओं को गलत नहीं मानते, जिन्होंने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की थी. हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल भाषण देने और प्रदर्शन करने से सरकार नहीं बदलेगी.
आकाश आनंद ने कहा कि एक व्यक्ति को हटाकर दूसरे को लाने से न नीति बदली, न प्रक्रिया और न ही अधिकारी. ऐसे में युवाओं का भविष्य भी वैसा ही बना रहेगा. उन्होंने कहा, “अगर आप सच में सिस्टम को ठीक करना चाहते हैं तो आपको सरकार बदलनी होगी और लोगों को बदलना होगा.”
ADVERTISEMENT











