'30 साल का लड़का 50 साल के अखिलेश यादव को...' बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने सपा चीफ को क्यों कहा 'अंकल'

राजेश सिंघल

• 04:55 PM • 10 Aug 2026

UP Election 2027 से पहले आकाश आनंद ने सादाबाद में चुनावी अभियान का आगाज किया. योगी सरकार पर कानून व्यवस्था, रोजगार और शिक्षा को लेकर निशाना साधा और अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहा.

File Photo: Mayawati, Akhilesh Yadav and Akash Anand

File Photo: Mayawati, Akhilesh Yadav and Akash Anand

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी सियासी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है. बसपा प्रमुख मायावती के भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश में चुनावी अभियान की शुरुआत की. हाथरस के सादाबाद में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने बीजेपी और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कानून व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा, पेपर लीक और सरकारी खर्च जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा.

यह भी पढ़ें...

आकाश आनंद ने कहा कि पिछले 10 साल से बीजेपी प्रदेश में सत्ता में है और सरकार ने विज्ञापनों के जरिए अपनी कमियों को छिपाने का काम किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के टैक्स के पैसे का इस्तेमाल बीजेपी और योगी सरकार ने प्रचार के लिए किया.

उन्होंने कहा, "मैं यहां पर भाजपा की कमियां गिनवाने नहीं आया हूं. मैं अपने लोगों की समस्या रखने आया हूं." आकाश आनंद ने दावा किया कि पिछले 10 साल में 7 हजार करोड़ रुपये जनता के टैक्स के पैसे से बीजेपी सरकार ने अपनी नाकामियां छिपाने के लिए खर्च किए.

कानून व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा

आकाश आनंद ने यूपी की कानून व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अपराध के मामले में यूपी नंबर वन है. महिला अत्याचार, हत्या और 10 हजार से ज्यादा किडनैपिंग के मामलों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन आंकड़ों को हल्के में नहीं लेना चाहिए, क्योंकि ये सरकारी आंकड़े हैं.

रोजगार के मुद्दे पर भी आकाश आनंद ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि चार लाख से ज्यादा सरकारी पद भरने के लिए पैसा नहीं है. उनका कहना था कि अगर पेपर लीक रोकने पर ध्यान दिया जाता और विज्ञापनों पर खर्च होने वाला पैसा परीक्षाओं पर लगाया जाता तो कुछ लोगों को नौकरी मिल सकती थी.

सरकारी स्कूल बंद करने का लगाया आरोप

बसपा नेता ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी योगी सरकार पर हमला बोला. आकाश आनंद ने दावा किया कि यूपी में 25 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूल बंद कर दिए गए, जिनमें उनके समाज के लोग पढ़ते थे. उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछले 10 साल में न बहनों को सुरक्षित रख पाई, न नौकरी दे पाई और न शिक्षा दे पाई.

राहुल गांधी और अखिलेश यादव को कहा ‘अंकल’

अपने भाषण के दौरान आकाश आनंद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया. उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के राहुल अंकल बाबा साहेब का नाम लेते हैं, लेकिन कांग्रेस शासित प्रदेशों में भी बीजेपी जैसा हाल है.

अखिलेश यादव को लेकर आकाश आनंद ने कहा कि वह उनका नाम सम्मान से ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि 30 साल का लड़का 50 साल के अखिलेश यादव को अंकल नहीं कहेगा तो क्या कहेगा.

‘सरकार से 10 साल का हिसाब मांगने का समय’

आकाश आनंद ने कहा कि विधानसभा चुनाव सिर पर हैं और बीजेपी एक बार फिर झूठे वादे लेकर आएगी. उन्होंने कहा कि अब जनता को सरकार से पिछले 10 साल का हिसाब मांगना चाहिए कि उसके लिए क्या काम किया गया. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब इस सरकार को उखाड़ फेंकना है. साथ ही उन्होंने लोगों से बसपा को वोट देने और हाथी का बटन दबाने की अपील की.

एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर भी हमला

आकाश आनंद ने कहा कि बीजेपी सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन एनकाउंटर की आड़ में गुंडों का राज चल रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की आड़ में गुंडे यूपी में राज कर रहे हैं. उन्होंने केंद्र सरकार पर महंगाई को लेकर भी निशाना साधा. आकाश आनंद ने पेट्रोल की कीमतों का जिक्र करते हुए बीजेपी पर सवाल उठाए.

कांग्रेस को भी निशाने पर लिया

आकाश आनंद ने अपने भाषण में बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला बोला. उन्होंने कांग्रेस की ‘लाल किताब’ को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी को हटाकर कांग्रेस को लाने पर भी स्थिति नहीं बदलेगी.

उन्होंने कहा कि जिस तरह बीजेपी शासित राज्यों में पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे हैं, उसी तरह कांग्रेस शासित राज्यों में भी हालात हैं. आकाश आनंद ने कहा कि बीजेपी सरकार की असलियत जानना जरूरी है और चुनाव के समय किए जाने वाले वादों के बजाय जनता को पिछले 10 साल का हिसाब मांगना चाहिए.