अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद को 8 अगस्त को पुलिस अभिरक्षा में लखनऊ से प्रयागराज लाया जा रहा था. इसी दौरान नवाबगंज टोल प्लाजा से गुजरने वाले गाड़ियों के काफिले को लेकर टोल कर्मचारियों ने पुलिस से शिकायत की.
ADVERTISEMENT
आरोप है कि उमर के काफिले में शामिल कुछ गाड़ियों ने नवाबगंज टोल प्लाजा पर टोल टैक्स नहीं दिया. इतना ही नहीं, टोल कर्मियों के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने के साथ ही बूम बैरियर को नुकसान पहुंचाने की बात भी शिकायत में कही गई है. मामला अब पुलिस तक पहुंच चुका है और जांच शुरू हो गई है.
टोल प्लाजा पर आखिर हुआ क्या?
डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के मुताबिक, 9 अगस्त को नवाबगंज टोल प्लाजा के सहायक प्रबंधक ने थाने में लिखित शिकायत दी. शिकायत में बताया गया कि उमर अहमद को पुलिस की सरकारी गाड़ी से प्रयागराज लाया जा रहा था. सरकारी वाहन के टोल प्लाजा से निकलने के बाद पीछे से कई चार पहिया वाहन वहां पहुंचे.
शिकायत के अनुसार, इन गाड़ियों के चालकों ने टोल प्लाजा पर बेहद खतरनाक तरीके से वाहन चलाए. आरोप है कि कर्मचारियों पर गाड़ियां चढ़ाने का प्रयास किया गया. इसके बाद बूम बैरियर को नुकसान पहुंचाते हुए बिना टोल टैक्स दिए कई गाड़ियां वहां से निकल गईं.
28 गाड़ियों के चालकों की तलाश
मामले में नवाबगंज थाने की पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. पुलिस अब टोल प्लाजा के CCTV फुटेज की मदद से गाड़ियों और उनके चालकों की पहचान कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में सामने आई 28 गाड़ियों के चालकों के साथ-साथ कुछ अन्य अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की गई है. जांच के दौरान साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
उमर के काफिले का वीडियो भी वायरल
इस पूरे मामले के बीच गाड़ियों के काफिले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में कई गाड़ियां एक साथ गुजरती नजर आ रही हैं. हालांकि, वायरल वीडियो के आधार पर किसी व्यक्ति की भूमिका तय नहीं की गई है. पुलिस CCTV फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











