सरधना में फिर अतुल प्रधान बनाम संगीत सोम? 2027 से पहले टिकट को लेकर बढ़ी हलचल

उस्मान चौधरी

• 01:11 PM • 10 Aug 2026

Sardhana Assembly Election 2027: सरधना विधानसभा सीट पर 2027 चुनाव से पहले अतुल प्रधान और संगीत सोम की दावेदारी चर्चा में है. जानिए सपा, बीजेपी, बसपा और आजाद समाज पार्टी के संभावित समीकरण.

Sardhana Assembly Election 2027

Sardhana Assembly Election 2027

Google CTA

Sardhana Assembly Election 2027: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की चर्चित सरधना विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज है. इस सीट पर मुख्य मुकाबले की चर्चा समाजवादी पार्टी के अतुल प्रधान और बीजेपी के संगीत सोम के बीच होती रही है. ऐसे में दोनों ही अपनी-अपनी पार्टियों में टिकट के प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में अतुल प्रधान ने संगीत सोम को हराकर पहली बार विधानसभा का रास्ता तय किया था. अब सवाल यह है कि क्या समाजवादी पार्टी एक बार फिर अतुल प्रधान पर भरोसा करेगी. वहीं, पिछला विधानसभा चुनाव हारने वाले संगीत सोम की बीजेपी से दावेदारी भी चर्चा में है.

सपा से अतुल प्रधान का दावा मजबूत

सरधना में समाजवादी पार्टी के लिए अतुल प्रधान की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है. वह पहली बार यहां से सपा के विधायक बने हैं. इससे पहले सरधना से समाजवादी पार्टी का कोई विधायक नहीं बना था. अतुल प्रधान गुर्जर समुदाय के बड़े चेहरे माने जाते हैं और अपनी जाति में उनका प्रभाव बताया जाता है. पिछले करीब पांच साल से उनकी सक्रियता भी लगातार दिखाई देती रही है. विधानसभा से लेकर सड़क और पार्टी के कार्यक्रमों तक वह मुखर नजर आते हैं.

वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेंद्र शर्मा के मुताबिक, अगर कोई गठबंधन होता है तो समीकरण अलग हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल अतुल प्रधान की दावेदारी मजबूत है. उनके मुताबिक अतुल प्रधान की सक्रियता संगीत सोम से कम नहीं है. हालांकि, 2022 के चुनाव में आरएलडी समाजवादी पार्टी के साथ थी, जबकि इस बार आरएलडी बीजेपी के साथ है. ऐसे में पिछले चुनाव के समीकरण इस बार बदल सकते हैं.

संगीत सोम के सामने टिकट की चुनौती

दूसरी तरफ बीजेपी से संगीत सोम का नाम प्रमुखता से चर्चा में है. पश्चिमी यूपी में बीजेपी के फायरब्रांड चेहरे के तौर पर उनकी पहचान बताई गई है. ठाकुर वोटों पर भी उनका प्रभाव माना जाता है.

हालांकि, संगीत सोम 2022 का विधानसभा चुनाव हार गए थे. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी उनके और संजीव बालियान के बीच आरोप-प्रत्यारोप की चर्चा रही. इसके बावजूद सरधना में संगीत सोम लगातार सक्रिय हैं और अपनी तैयारी कर रहे हैं. पत्रकार पुष्पेंद्र शर्मा के मुताबिक, बीजेपी में कई दावेदार हैं, लेकिन संगीत सोम का पलड़ा भारी माना जा रहा है.

बीजेपी में रविंद्र पुंडीर के बेटे, विजयपाल सिंह तोमर के गुट से जुड़े चेहरे और अन्य दावेदारों के नाम भी चर्चा में हैं. ऐसे में बीजेपी में टिकट की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं है.

आरएलडी के बीजेपी के साथ आने से बदले समीकरण

पिछले विधानसभा चुनाव में आरएलडी समाजवादी पार्टी के साथ थी, जिसका फायदा सपा को मिला था. इस बार आरएलडी बीजेपी के साथ है. ऐसे में सरधना के जातीय और राजनीतिक समीकरण बदलने की संभावना पर चर्चा हो रही है. इसके अलावा ठाकुर वोटों का रुख भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सवाल यह है कि क्या ठाकुर वोट एकमुश्त संगीत सोम के साथ जाएंगे और क्या जाट वोटों का पिछली बार जैसा समर्थन इस बार भी मिलेगा.

बसपा और आजाद समाज पार्टी भी मैदान में

सरधना में बसपा को भी नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है. बसपा जाट समाज से आने वाले विनीत भराला को टिकट दे सकती है. भराला गांव के रहने वाले विनीत भराला के टिकट की घोषणा आगामी 19 तारीख को सम्मेलन के जरिए किए जाने की बात कही गई है. आजाद समाज पार्टी की ओर से सावेज रिजवी का नाम चर्चा में है. वहीं एआईएमआईएम ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं.

आजाद समाज पार्टी के बढ़ते प्रभाव को भी इस चुनाव में एक नए समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है. सवाल यह है कि समाजवादी पार्टी और आजाद समाज पार्टी के बीच कोई गठजोड़ होता है या नहीं.

किसका टिकट होगा पक्का?

फिलहाल सरधना में सपा से अतुल प्रधान की दावेदारी मजबूत नजर आ रही है. बसपा में विनीत भराला का नाम लगभग तय बताया जा रहा है. वहीं बीजेपी से संगीत सोम का पलड़ा भारी माना जा रहा है, लेकिन पार्टी में कई अन्य दावेदार भी मौजूद हैं. हालांकि, अभी किसी भी पार्टी की ओर से सभी नामों का आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है. ऐसे में अंतिम तस्वीर टिकट घोषित होने के बाद ही साफ होगी.

सरधना में इस बार चुनावी मुकाबला पिछले चुनाव से अलग हो सकता है. आरएलडी का बीजेपी के साथ होना, बसपा के जाट प्रत्याशी को उतारने की तैयारी, आजाद समाज पार्टी की सक्रियता और बीजेपी के भीतर टिकट के कई दावेदार इस सीट के समीकरण को दिलचस्प बना रहे हैं.

यहां देखें पूरा शो