भाजपा छोड़ बसपा में आए थे... मऊ की मधुबन विधानसभा सीट से मायावती ने भरत भैया को घोषित किया 'प्रभारी प्रत्याशी'

मऊ की मधुबन विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपना प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर दिया है. आजमगढ़ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने पार्टी सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर भरत सिंह उर्फ भरत भैया को मधुबन सीट से प्रभारी प्रत्याशी बनाने की घोषणा की.

Bharat Bhaiya BSP Candidate

Bharat Bhaiya BSP Candidate

Google CTA

Bharat Bhaiya BSP Candidate: मऊ की मधुबन विधानसभा सीट पर 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने अपना प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर दिया है. आजमगढ़ मंडल के मुख्य मंडल प्रभारी दिनेश चंद्रा ने पार्टी सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर भरत सिंह उर्फ भरत भैया को मधुबन सीट से प्रभारी प्रत्याशी बनाने की घोषणा की. खास बात यह है कि भरत भैया लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय रहे और अब उन्होंने बीजेपी छोड़कर बसपा का दामन थाम लिया है. पाती मैदान में आयोजित बसपा के विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में इस घोषणा के साथ ही पार्टी ने मधुबन में चुनावी तैयारियों का आगाज कर दिया.

यह भी पढ़ें...

साल 2022 में बागी होकर लड़ा था चुनाव

भरत सिंह उर्फ भरत भैया पिछले डेढ़ दशक से भी ज्यादा समय से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय राजनीति कर रहे थे. जानकारी के मुताबिक वह करीब 17 साल तक बीजेपी के साथ जुड़े रहे. 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया था. इसके बाद उन्होंने बागी होकर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें चुनाव में बड़ी हार का सामना करना पड़ा. चुनाव के बाद से ही वह अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने के लिए दूसरे राजनीतिक विकल्प की तलाश में थे.

चुनावी मैदान में उतरने का किया ऐलान

मधुबन के पाती मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महासम्मेलन में बसपा के कई बड़े नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे. इसी कार्यक्रम में दिनेश चंद्रा ने भरत भैया के नाम की घोषणा की. उन्होंने कहा कि पार्टी को मायावती का आशीर्वाद मिला है और संगठन पूरी तरह तैयार है. दिनेश चंद्रा के मुताबिक, 'आज उसी की घोषणा का कार्यक्रम था. हम लोग पूरी तैयारी से हैं, संगठन हमारा पूरा तैयार हो गया है और तैयार करके हम लोग चुनाव में आज से उतर गए हैं.' उन्होंने कहा कि अब चुनावी तैयारी आगे बढ़ाई जाएगी.

हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बसपा में आए

प्रभारी प्रत्याशी घोषित होने के बाद भरत भैया ने कहा कि उन्होंने 9 अगस्त क्रांति दिवस के मौके पर मधुबन की शहीदी धरती पर शहीदों को श्रद्धांजलि देते हुए बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है. उन्होंने दावा किया कि वह हजारों कार्यकर्ताओं के साथ बसपा में शामिल हुए हैं. भरत भैया ने कहा कि उनका उद्देश्य मधुबन के विकास के साथ किसान, मजदूर, नौजवान, पिछड़े, अति पिछड़े और दलितों के सम्मान के लिए काम करना है.

विकास के मुद्दों पर चुनाव लड़ने का दावा

भरत भैया ने बसपा की ओर से जिम्मेदारी मिलने पर मायावती का आभार जताया. उन्होंने कहा कि 2027 में मधुबन की जनता नेतृत्व में बदलाव करेगी. उन्होंने दावा किया कि अगर जनता उन्हें विधायक बनाती है तो वह क्षेत्र में सर्वांगीण विकास के लिए काम करेंगे. उनके मुताबिक चिकित्सा, सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा. उन्होंने मधुबन के जर्जर और आपदा प्रभावित इलाकों को पूर्वांचल का विकसित क्षेत्र बनाने की बात भी कही.

सपा-BJP के मुकाबले पर क्या बोले भरत भैया?

मधुबन विधानसभा चुनाव में सपा और बीजेपी के मुकाबले को लेकर जब उनसे सवाल किया गया और कैबिनेट मंत्री एके शर्मा के चुनाव लड़ने की चर्चा का जिक्र किया गया, तो भरत भैया ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, उन्होंने बीजेपी छोड़ दी है. उन्होंने अपनी करीब 17 साल की राजनीतिक सक्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी के संघर्ष और मुश्किल दौर में काम किया है. उनका कहना था, 'जो लोग आज मंत्री हैं, वह मंत्री हो सकते हैं लेकिन हम लोगों के पसीने की बदौलत वह मंत्री हैं.'