Noida Airport Waterlogging: बारिश के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिसर में पानी भरने का वीडियो सामने आया है. इसको लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने एयरपोर्ट में जलभराव और एक्सप्रेसवे पर गड्ढों का जिक्र करते हुए सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए.
ADVERTISEMENT
अखिलेश यादव ने कहा, “एयरपोर्ट बना रहे हो, पानी भर गया उसमें. एक्सप्रेसवे बना रहे हो, गड्ढे हो रहे हैं.” उन्होंने विमान उड़ाने और प्रदेश चलाने वालों के बीच समानता होने की बात भी कही. उनके इस बयान के बाद नोएडा एयरपोर्ट में बारिश के बाद हुए जलभराव का मामला चर्चा में आ गया है.
दरअसल, ग्रेटर नोएडा स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में तेज बारिश के बाद कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया. टर्मिनल से पार्किंग एरिया की ओर जाने वाले रास्ते पर जलभराव की स्थिति बनी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें पार्किंग कंपाउंड के पास काफी पानी दिखाई दे रहा है. वहीं एयरपोर्ट कर्मचारी पानी निकालते नजर आए.
30 मिनट में साफ हुआ पानी
वीडियो वायरल होने के बाद जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे. इस पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रबंधन ने कहा कि तेज बारिश के चलते टर्मिनल और पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले रास्ते पर कुछ समय के लिए पानी जमा हुआ था.
प्रबंधन के मुताबिक, एयरपोर्ट की टीम ने तुरंत कार्रवाई की और 30 मिनट के भीतर जलभराव पूरी तरह साफ कर दिया गया. साथ ही कहा गया कि इस वजह से उड़ान संचालन या एयरपोर्ट की दूसरी व्यवस्थाओं पर कोई प्रतिकूल असर नहीं पड़ा. यात्रियों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
मार्च में हुआ था पहले चरण का उद्घाटन
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर के लिए अहम हवाई कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट माना जा रहा है. एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को किया था. इसकी आधारशिला उन्होंने 25 नवंबर 2021 को रखी थी.
PPP मॉडल पर तैयार किए गए इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में करीब 11,200 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है. इसमें आधुनिक टर्मिनल और रनवे तैयार किए गए हैं.
15 जून से शुरू हुईं कमर्शियल उड़ानें
उद्घाटन के बाद 15 जून 2026 से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नियमित व्यावसायिक उड़ानों की शुरुआत हुई. पहली कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो की थी, जिसने लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. इसके बाद दूसरी एयरलाइंस ने भी यहां से सेवाएं शुरू कीं.
ADVERTISEMENT











