उत्तर प्रदेश की राजनीति में बलिया जिले की सिकंदरपुर विधानसभा सीट पर आगामी चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. क्षेत्र के स्थानीय लोगों और पत्रकारों से मिली प्रतिक्रियाओं के मुताबिक, इस सीट पर तीनों प्रमुख दल समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बीच दिलचस्प समीकरण बनते दिख रहे हैं. एक तरफ जहां तीन बार के सपा विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी के सामने टिकट बचाने और क्षेत्र में काम न हो पाने को लेकर उठ रहे सवालों की चुनौती है. वहीं बीजेपी में पूर्व विधायकों व मंत्रियों समेत दावेदारों की लंबी फौज के चलते आपसी खींचतान और भीतरघात की आशंका जताई जा रही है. दूसरी ओर बसपा ने इस बार सवर्ण चेहरे पर दांव लगाकर मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है.
ADVERTISEMENT
सपा में जियाउद्दीन रिजवी की मजबूत दावेदारी
स्थानीय आकलन के अनुसार, सिकंदरपुर सीट से 2022 में तीसरी बार विधायक चुने गए मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक हैं और पार्टी नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं. हालांकि क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विधायक जी अपने मंचों से यह कहते नजर आते हैं कि सरकार न होने और अधिकारियों के न सुनने की वजह से वे ज्यादा काम नहीं करा पाए, जिससे मतदाताओं के एक वर्ग में नाराजगी भी देखी जा रही है.
इसके बावजूद जमीनी पकड़ के लिहाज से जियाउद्दीन रिजवी का दावा अब भी मजबूत माना जा रहा है. लेकिन पार्टी के भीतर से ही उन्हें कड़ी चुनौती मिल रही है. सपा से टिकट मांगने वालों की सूची में पार्टी के कोषाध्यक्ष डॉ. शोएबुल इस्लाम, प्रदेश सचिव जुबेर खान उर्फ सोनू (जो कई राज्यों में प्रभारी भी रहे हैं), राज नारायण यादव और अमानतुल्लाह जैसे नाम शामिल हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, इनमें से कई दावेदार बड़े-बड़े बैनर, होर्डिंग और पोस्टर लगाकर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं. हालांकि जनता के बीच सीधी पकड़ को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही है.
बीजेपी में दावेदारों की भरमार, गुटबाजी और भीतरघात की आशंका
भारतीय जनता पार्टी के खेमे में सिकंदरपुर से टिकट पाने के लिए सबसे ज्यादा घमासान नजर आ रहा है. स्थानीय जानकारी के मुताबिक, बीजेपी से करीब आधा दर्जन से अधिक प्रमुख चेहरे दावेदारी पेश कर रहे हैं, जिनमें कई पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री शामिल हैं:
संजय यादव: इस सीट से पूर्व विधायक रह चुके हैं.
राजधारी सिंह: पूर्व मंत्री और छात्र राजनीति से उभरे वरिष्ठ नेता.
भगवान पाठक: 2007 से 2012 के बीच बसपा शासनकाल में विधायक रह चुके हैं और अब बीजेपी से दावेदार हैं.
केशव प्रसाद चौधरी: वर्तमान में ब्लॉक प्रमुख हैं और पूर्व सांसद स्वर्गीय जगन्नाथ चौधरी के परिवार से आते हैं.
संजीव वर्मा: पूर्व विधायक केदारनाथ वर्मा के भतीजे हैं.
डॉ. विजय रंजन: क्षेत्र में नए चेहरे के रूप में अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.
स्थानीय पत्रकारों और जानकारों का मानना है कि पिछली बार भी बीजेपी को यहां गुटबाजी के कारण हार का सामना करना पड़ा था. इस बार भी टिकट के कई मजबूत दावेदार मैदान में सक्रिय हैं जिससे टिकट वितरण के बाद पार्टी के भीतर खींचतान और भीतरघात की संभावना जताई जा रही है.
बसपा ने चला सवर्ण कार्ड, भारतेंदु चौबे पर लगाया दांव
सपा और बीजेपी की अंदरूनी रस्साकशी के बीच बहुजन समाज पार्टी ने सिकंदरपुर में सवर्ण कार्ड खेलते हुए भारतेंदु चौबे को आगे किया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, खेजड़ी इंटर कॉलेज के प्रबंधक और बजरंग महाविद्यालय के अध्यक्ष रह चुके भारतेंदु चौबे की युवाओं और सवर्ण समाज के बीच अच्छी पकड़ मानी जाती है.
क्षेत्र के राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पिछले करीब दो दशकों से इस सीट पर पिछड़े वर्ग के प्रत्याशी जीतते आ रहे हैं. ऐसे में सवर्ण मतदाताओं के एक हिस्से में इस बार किसी सवर्ण चेहरे को समर्थन देने की चर्चा चल रही है. इसके अलावा यूजीसी और एससी-एसटी एक्ट जैसे मुद्दों को लेकर सवर्ण वर्ग की नाराजगी का असर भी चुनावी समीकरणों पर पड़ने की बात कही जा रही है जिससे मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है.
ADVERTISEMENT











