कांग्रेस के साथ सीट शेयरिंग को लेकर सपा ने किया कमेटी का गठन, रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में होगी चर्चा

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा ने कांग्रेस के साथ गठबंधन की कमान रामगोपाल यादव को सौंप दी है. 7 सदस्यीय कमेटी सीटों का बंटवारा तय करेगी। लेकिन कांग्रेस की 181 सीटों की मांग पर क्या सहमति बन पाएगी?

Akhilesh Yadav and Rahul Gandhi

Akhilesh Yadav and Rahul Gandhi (Photo: AI Generated)

Google CTA

यूपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सीट शेयरिंग और गठबंधन की रणनीति को आगे बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी ने कमेटी का गठन कर दिया है. प्रो. रामगोपाल यादव की अध्यक्षता में बनाई गई इस 5+2 सदस्यीय कमेटी में पांच पार्टी नेताओं के साथ दो डेटा एक्सपर्ट भी शामिल किए गए हैं. यह कमेटी 23 और 24 नवंबर को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत करेगी जिसमें दोनों दलों के पिछले चुनावी रिकॉर्ड और 'जिताऊ क्षमता' को प्रमुख आधार बनाए जाने की तैयारी है.

यह भी पढ़ें...

रामगोपाल यादव के नेतृत्व में 7 सदस्यीय टीम करेगी मंथन

समाजवादी पार्टी की ओर से गठित गठबंधन कमेटी में प्रो. रामगोपाल यादव को अध्यक्ष बनाया गया है. इस व्यवस्था के तहत 5 नेता कांग्रेस नेतृत्व के साथ गठबंधन और सीटों के तालमेल पर चर्चा करेंगे. जबकि 2 डेटा एक्सपर्ट चुनावी आंकड़ों और जमीनी विश्लेषण के जरिए कमेटी को सहयोग देंगे. 23 और 24 नवंबर को होने वाली बैठकों में इसी 7 सदस्यीय टीम के माध्यम से सीटों के बंटवारे पर आगे की रूपरेखा तय की जाएगी.

181 सीटों की मांग से शुरू हुई सपा-कांग्रेस के बीच बातचीत

गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच खींचतान भी सामने आ चुकी है. हाल ही में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा था कि कांग्रेस ने यूपी की 181 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है. कांग्रेस की ओर से भी इन सीटों को लेकर सपा के साथ बातचीत की तैयारी की गई है.

कांग्रेस ने अपनी संभावित सीटों की सूची सपा को सौंपी है. कांग्रेस का तर्क है कि जिन सीटों पर उसका संगठन मजबूत है और जहां उसके उम्मीदवार जीतने की स्थिति में हैं, वहां उसे मौका मिलना चाहिए. दूसरी ओर सपा का जोर इस बात पर है कि गठबंधन में सीटों का फैसला केवल मांग के आधार पर नहीं बल्कि उम्मीदवार की जीतने की संभावना को देखकर किया जाए.

2024 लोकसभा चुनाव में साथ आए थे राहुल और अखिलेश

सपा और कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिलकर चुनाव लड़ा था. उस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने 37 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली थी. दोनों दलों के गठबंधन ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 33 सीटों पर रोक दिया था.

लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर भरोसा बढ़ा. अब यही गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में भी साथ उतरने की तैयारी कर रहा है. हालांकि, लोकसभा और विधानसभा चुनाव की परिस्थितियां अलग होती हैं. विधानसभा की 403 सीटों पर उम्मीदवारों का चयन और सीटों का बंटवारा दोनों दलों के लिए बड़ी चुनौती है.
 

ये भी पढ़ें: गोरखपुर में जिस बच्चे की JCB से कुचलकर हुई थी मौत, उस परिवार से मिले CM योगी आदित्यनाथ