गोरखपुर में PDA यात्रा के दौरान भाजपा नेता के बेटे की मौत, पिता ने अखिलेश यादव पर भी कार्रवाई की मांग की

आशीष श्रीवास्तव

• 03:34 PM • 19 Nov 2026

गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान बुलडोजर की चपेट में आने से भाजपा नेता के बेटे की मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि टक्कर के बाद युवक को बुलडोजर से कुचल दिया गया. पुलिस ने आयोजक मंडल से जुड़े लोगों, जेसीबी मालिक और चालक के खिलाफ FIR दर्ज की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा के दौरान बुलडोजर से कुचलकर भाजपा नेता के बेटे की मौत हो गई. आरोप है कि रथ यात्रा के स्वागत के लिए सड़क पर कई बुलडोजर दौड़ाए जा रहे थे. इसी दौरान एक बुलडोजर की चपेट में युवक आ गया. 

यह भी पढ़ें...

परिजनों का आरोप है कि टक्कर लगने के बाद युवक को बुलडोजर से कुचल दिया गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और उसकी जान चली गई. घटना के बाद परिवार ने आयोजकों, बुलडोजर मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. बुलडोजर और अन्य संबंधित वाहनों को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है. परिवार का कहना है कि केवल बुलडोजर चालक ही नहीं, बल्कि यात्रा के आयोजकों और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए.

बहन को लेने निकला था युवक

मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच घर से निकला था. उस दिन उसकी छुट्टी थी. परिवार के एक सदस्य के कहने पर अपनी बहन को लेने जा रहा था. उसे अंदाजा नहीं था कि सड़क पर PDA रथ यात्रा के चलते इतनी भीड़ और बुलडोजरों का जमावड़ा होगा.

पिता के मुताबिक, उनका बेटा सड़क पार कर चुका था. इसी दौरान एक जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी. उनका दावा है कि शुरुआत में युवक को हल्की चोट लगी थी और वह ठीक था, लेकिन इसके बाद बुलडोजर उसके ऊपर चढ़ा दिया गया. परिवार का आरोप है कि चालक ने खुद को बचाने के लिए ऐसा किया. इससे युवक के सिर में गंभीर चोट आई.

परिजनों का कहना है कि सड़क पर चार से पांच बुलडोजर लगातार दौड़ रहे थे. यात्रा के स्वागत के लिए फूल बरसाने के बजाय जिस तरह से भारी मशीनों को सड़क पर चलाया जा रहा था, वह बेहद लापरवाही भरा था. उनका आरोप है कि इसी वजह से उनका बेटा हादसे का शिकार हुआ.

पिता ने कार्रवाई मांगी की

युवक के पिता ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में आयोजक मंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी. इसके अलावा जेसीबी मालिक और चालक के खिलाफ भी कार्रवाई की बात कही थी. उन्होंने अखिलेश यादव के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज करने की मांग रखी थी.

परिवार के मुताबिक, रात में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की. इसमें आयोजक मंडल से जुड़े लोगों, जेसीबी मालिक और चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने मौके से जेसीबी समेत अन्य मशीनों को भी कब्जे में लिया है. परिवार का दावा है कि घटना के समय वहां कई जेसीबी और एक हाइड्रा भी मौजूद था.

पिता का कहना है कि उनका बेटा अब वापस नहीं आ सकता, लेकिन घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने राजनीतिक यात्राओं और सभाओं में बुलडोजर के इस तरह इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग भी की है.

परिवार के लोगों ने भी बुलडोजरों के इस्तेमाल पर उठाए सवाल

मृतक के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग तुरंत एम्स पहुंचे थे. उन्हें बताया गया था कि युवक का एक्सीडेंट हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हालांकि, परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक उसकी मौत हो चुकी थी.

एक स्थानीय व्यक्ति ने आरोप लगाया कि PDA रथ यात्रा के दौरान करीब 25 से ज्यादा बुलडोजर गोरखपुर से चौरीचौरा तक लगाए गए थे. उनका कहना है कि इन मशीनों को बिना किसी नियंत्रण के तेजी से चलाया जा रहा था. उन्होंने भी इस तरह की रैलियों पर रोक लगाने और अखिलेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की.

परिवार और आसपास के लोगों का कहना है कि राजनीतिक कार्यक्रमों में बुलडोजर का इस्तेमाल करते समय सुरक्षा का ध्यान रखा जाना चाहिए. भारी मशीनों को भीड़ के बीच इस तरह चलाने से आम लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है.

सीएम योगी आज पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात

इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है. परिवार के लोगों के मुताबिक, मुख्यमंत्री कार्यालय और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की ओर से रात से ही मामले की जानकारी ली जा रही है. उन्हें मुख्यमंत्री के शाम करीब 5 बजे परिवार से मिलने आने की सूचना मिली है.

मुख्यमंत्री ने भी युवक की मौत पर प्रतिक्रिया दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है. परिवार को उम्मीद है कि जांच में घटना के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की पहचान होगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला?

घटना गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा के दौरान हुई. यात्रा के स्वागत के लिए सड़क पर बुलडोजर लगाए गए थे. इसी दौरान एक युवक उनकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. युवक के पिता के अनुसार, वह अपनी बहन को लेने घर से निकला था. घटना के बाद परिजनों ने आयोजकों, जेसीबी मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.