2022 के विधानसभा या 2024 के लोकसभा चुनाव, किस आधार पर होगा सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारा? जानिए क्या है पूरा फॉर्मूला

यूपी चुनाव 2027 से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर हलचल तेज है. 2022 और 2024 के चुनावी प्रदर्शन के आधार पर तय होगा फॉर्मूला. लेकिन रायबरेली-अमेठी की सीटों पर अखिलेश यादव की रणनीति क्या नया मोड़ लाएगी?

Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav

Rahul Gandhi and Akhilesh Yadav

Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग का फॉर्मूला लगभग अंतिम रूप ले चुका है. सूत्रों के अनुसार दोनों दलों के बीच सीटों का विभाजन 2022 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन (रिपोर्ट कार्ड) को आधार बनाकर किया जाएगा. आगामी 23, 24 और 25 नवंबर को होने वाली प्रस्तावित बैठक में सपा नेतृत्व कांग्रेस के सामने इसी रणनीति पर चर्चा करेगा. इसके तहत जिस क्षेत्र में जिस दल की स्थिति मजबूत होगी, वह सीट उसी के खाते में जाएगी. हालांकि कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस सीट शेयरिंग 2024 के चुनाव पर ही आधारित रखना चाहती है.

यह भी पढ़ें...

आगामी चुनावों में सपा अपने और कांग्रेस के पिछले रिकॉर्ड के आधार पर सीट बंटवारे का प्रस्ताव पेश कर सकती है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी लगातार यह स्पष्ट करते रहे हैं कि गठबंधन में सीटों की गिनती से अधिक महत्व जीत की संभावना का है, यानी जो दल जिस सीट पर जीत दर्ज करने में सक्षम होगा उसे ही वहां से मैदान में उतारा जाएगा. सपा केवल आंकड़ों के हिसाब से सीटें बांटने के पक्ष में नहीं है बल्कि उसका मानना है कि एकजुट होकर लड़ने से ही जीत सुनिश्चित की जा सकती है. इसलिए उम्मीदवारों के चयन और सीट आवंटन में 'जिताऊ क्षमता' ही सबसे बड़ा पैमाना होगी.

रायबरेली और अमेठी की अधिकांश सीटों पर सपा की नजर

भले ही कांग्रेस रायबरेली और अमेठी को अपना पारंपरिक गढ़ मानती हो लेकिन सूत्रों के मुताबिक सपा इन दोनों जिलों की ज्यादातर विधानसभा सीटों पर खुद चुनाव लड़ना चाहती है. रायबरेली जिले की कुल छह विधानसभा सीटों में से 2022 के चुनाव में सपा ने बछरावां, हरचंदपुर, सरेनी और ऊंचाहार समेत चार सीटों पर कब्जा जमाया था.जबकि रायबरेली सदर और सलोन सीट भाजपा के खाते में गई थी. इसी तरह अमेठी की कुल चार विधानसभा सीटों में से पिछले चुनाव में सपा ने गौरीगंज और अमेठी दो सीटों पर जीत हासिल की थी.

गठबंधन और अकेले लड़ने के पिछले आंकड़ों पर एक नजर 

पिछले चुनावों के आंकड़ों पर गौर करें तो 2017 के विधानसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा था, जहां सपा ने 298 और कांग्रेस ने 105 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे. उस चुनाव में सपा को 47 और कांग्रेस को महज 7 सीटों पर जीत मिली थी.इसके बाद 2022 में सपा ने अपने दम पर चुनाव लड़ा और 32.06 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 111 सीटें जीतीं. वहीं  2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने फिर साथ मिलकर चुनाव लड़ा जिसमें सपा ने 62 सीटों पर लड़कर 37 पर जीत दर्ज की. जबकि कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 सीटें जीतने में सफल रही.
 

ये भी पढ़ें: अब यूपी में ओवैसी की सियासत की काट निकालेंगे आजम खान? जेल से बाहर आते ही बदल दिया पूरा समीकरण