CM योगी की मां के निधन की खबर सुन भावुक हुए अखिलेश यादव, सियासी विरोध भुलाकर दी श्रद्धांजलि!

सीएम योगी की मां सावित्री देवी के निधन पर अखिलेश यादव ने भावुक श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी ने भी फोन कर शोक जताया. सियासी मतभेदों से इतर नेताओं की संवेदनाओं के बीच शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार होगा.

Akhilesh Yadav Condolence

Akhilesh Yadav Condolence

Google CTA

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया. उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली. इस कठिन वक्त में सियासी मतभेदों से ऊपर उठते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर कर मुख्यमंत्री की माता को विनम्र श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता के निधन की सूचना मिलते ही सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की. उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, 'उप्र के मुख्यमंत्री जी की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है. विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं. शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं.'

पीएम मोदी ने भी जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की और उनकी माता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया.

लंबे समय से आयु संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं सावित्री देवी

जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत अपने पैतृक गांव पंचूर में छोटे बेटे के साथ रह रही थीं. इससे पहले 14 मई 2024 को तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया था जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंचकर उनका हालचाल जाना था. व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद सीएम योगी समय निकालकर मां से मिलने जाते रहे हैं. इसी साल फरवरी में भी वे पंचूर गांव गए थे.

शनिवार को हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सावित्री देवी ने अपने आवास पर अंतिम सांस ली. उनका पार्थिव शरीर शनिवार को हरिद्वार लाया जाएगा जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी अपनी माता के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हरिद्वार पहुंचने की संभावना है.
 

ये भी पढ़ें: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर में में ली अंतिम सांस