वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली खबर आ रही है. पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब चल रही M.Sc. की स्टूडेंट की श्रेया उपाध्याय की खौफनाक तरीके से हत्या का मामला सामने आया है. 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए निकली श्रेया का सड़ा-गला शव उसके प्रेमी के किराए के कमरे के बाथरूम से बरामद हुआ है. परिजनों के साथ जब पुलिस प्रेमी के कमरे पर पहुंची तो ताला बंद मिला. प्रेमी के ननिहाल से चाबी मंगाकर जब दरवाजा खोला गया तो अंदर से उठती बदबू के बीच छात्रा की लाश पड़ी थी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रेमी मौके से फरार है जिसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें लगा दी गई हैं.वाराणसी में हुई इस दिल दहला देने वाली वारदात की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं. मामला बेहद खौफनाक रूप लेता जा रहा है.
ADVERTISEMENT
18 अगस्त से लापता थी इकलौती बेटी
राजातालाब क्षेत्र के मरुई-जमुनी गांव के रहने वाले सुनील उपाध्याय की इकलौती बेटी श्रेया जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रही थी. बीते 18 अगस्त को वह रोजाना की तरह कॉलेज के लिए घर से निकली थी. लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी.परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने छात्रा का मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाया तो उसकी आखिरी लोकेशन बच्छांव स्थित मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली.
ननिहाल में मिली चाबी से खुला हत्या का राज
खोजबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि श्रेया का परिचित और रिश्तेदार लगने वाला विवेक चौबे भी अचानक गायब है. संदेह होने पर परिजन मिर्जापुर के सीखड़ गांव स्थित विवेक के ननिहाल पहुंचे. वहां विवेक के मामा के घर रखे एक बैग से बच्छांव वाले किराए के कमरे की चाबी मिली. श्रेया की मां और परिजन जब चाबी लेकर बच्छांव स्थित कमरे पर पहुंचे और दरवाजा खोला तो अंदर बाथरूम में श्रेया का क्षत-विक्षत और सड़ा-गला शव पड़ा मिला.
शादी तय होना बनी हत्या की वजह?
परिजनों ने आरोप लगाया है कि विवेक चौबे ने ही श्रेया की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को बाथरूम में बंद किया और भाग निकला. शुरुआती जांच में यह बात सामने आ रही है कि श्रेया के पिता ने हाल ही में उसकी शादी बगल के ही एक गांव के युवक के साथ पक्की कर दी थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी बात से नाराज होकर प्रेमी विवेक ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया.
जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना की जानकारी देते हुए डीसीपी गोमती नीतू काद्यान ने बताया कि श्रेया का शव जिस कमरे से मिला है उसे विवेक चौबे ने किराए पर ले रखा था. आरोपी विवेक चौबे की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है.
ये भी पढ़ें: मम्मी का फोन आ रहा, हिम्मत नहीं हो रही… सगी बहन की हत्या पर पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने लिखा इमोशनल पोस्ट, सब कुछ बता दिया
ADVERTISEMENT











