उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में हुए दिल दहला देने वाले तिहरे हत्याकांड में अब खौफनाक चश्मदीद दास्तान सामने आई है. ICICI बैंक के बाहर अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा की दिनदहाड़े हत्या करने के बाद आरोपी पति मानस वाजपेई जब अपने घर लौटा तो उसके चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी. पसीने से लथपथ मानस ने पड़ोसी से बेहद सामान्य लहजे में झूठ बोला और कमरे में बंद होकर खुद को और अपनी बीमार बहन को भी मौत के घाट उतार दिया. अब इस वारदात में पुलिस की तफ्तीश,स्टेटस का खौफनाक सच और पड़ोसियों के चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं.
ADVERTISEMENT
कौन था मानस वाजपेई?
आरोपी मानस वाजपेई भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था. उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और परिवार में केवल एक बीमार बहन थी जिसकी देखरेख वही करता था.आलमबाग के सिंगारनगर की रहने वाली पत्नी दिव्या मिश्रा से उसका पिछले एक साल से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन था.
पड़ोसी का चौंकाने वाला खुलासा
मानस के नीचे दुकान चलाने वाले पड़ोसी लवकुश ने बताया कि गुरुवार को जब मानस बैंक से पत्नी की हत्या करके लौटा तो वह बैग टांगे हुए था और पसीने में पूरी तरह भीगा हुआ था. जब पड़ोसी ने पूछा कि क्या हुआ तो मानस ने बड़े सामान्य तरीके से कहा 'यार वही ऑफिस... तुम तो जानते ही हो कितना काम रहता है.' इसके बाद उसने हमेशा की तरह दरवाजा अंदर से लॉक कर लिया.
व्हाट्सएप स्टेटस से हुआ खौफनाक खुलासा
थोड़ी ही देर बाद मानस के एक दोस्त का फोन आया जिसने उसके व्हाट्सएप स्टेटस का स्क्रीनशॉट भेजा. स्टेटस में मानस ने लिखा था कि “Today I killed my wife as she cheated on me...” यानी ‘आज मैंने अपनी पत्नी को मार दिया.क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया.’ आगे उसने खुद को और अपनी बहन को भी मारने की बात लिखी है. स्टेटस में प्रज्ञा और भरत का भी जिक्र किया गया है और लिखा है कि उन्हें सब कुछ पता है.
ऐसे में जब पड़ोसियों और परिजनों ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला. आखिरकार जब 5-6 लोगों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर मानस और उसकी बहन खून से लथपथ पड़े थे.
इलीगल हथियार का इस्तेमाल
लखनऊ पुलिस के मुताबिक मानस ने पत्नी दिव्या की हत्या अवैध हथियार से की थी जिसे पुलिस और फॉरेंसिक ने अपने कब्जे में ले लिया है. घर के कमरों की तलाशी ली जा रही है ताकि अन्य हथियारों और साक्ष्यों का पता लगाया जा सके.
पुलिस की जांच जारी
लखनऊ पुलिस का कहना है कि तीनों दिव्या, मानस और उसकी बहन को अस्पताल ले जाया गया था जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रही है कि आखिर किस वजह से मानस इतना ट्रिगर हुआ कि उसने इतना खौफनाक कदम उठाया. पुलिस मानस के व्हाट्सएप चैट, पुराने पारिवारिक विवादों और अवैध असलहे के स्रोत और आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगालकर हर एंगल से जांच में जुटी हुई है.
ADVERTISEMENT











