Lucknow Rapido Driver Suspension News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दलित कैब ड्राइवर ने आरोप लगाया है कि यात्रियों की कथित जातिगत टिप्पणियों का विरोध करने के बाद राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म Rapido ने उसका ड्राइवर अकाउंट 99 साल 11 महीने के लिए सस्पेंड कर दिया. 30 वर्षीय अंकित कुमार का कहना है कि उन्होंने यात्रियों को कैब से इसलिए उतारा क्योंकि वे एक वरिष्ठ अधिकारी की जाति और उनकी योग्यता को लेकर आपत्तिजनक बातें कर रहे थे. अंकित मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा धारक हैं और कैब चलाकर अपना घर चलाते हैं.
ADVERTISEMENT
जाति को लेकर टिप्पणी करने का आरोप
अंकित ने बताया कि सोमवार सुबह वह उटरेटिया रेलवे स्टेशन से चार यात्रियों को लेकर चारबाग रेलवे स्टेशन जा रहे थे. उनके मुताबिक, रास्ते में यात्री एक वरिष्ठ अधिकारी की जाति को लेकर टिप्पणियां कर रहे थे और उनकी योग्यता पर भी सवाल उठा रहे थे. अंकित का कहना है कि वह उसी समुदाय से आते हैं, जिसके बारे में टिप्पणियां की जा रही थीं. उन्होंने यात्रियों को जातिगत टिप्पणी बंद करने को कहा, लेकिन जब बात नहीं मानी गई तो उन्होंने गाड़ी रोककर सभी को नीचे उतरने के लिए कहा.
वीडियो वायरल होने पर विवाद
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें अंकित और यात्रियों के बीच बहस होती दिखाई दे रही है. अंकित का दावा है कि वीडियो वायरल होने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर गालियां और धमकियां मिल रही हैं. उनका आरोप है कि यात्रियों की शिकायत के आधार पर प्लेटफॉर्म ने उनका पक्ष जाने बिना एकतरफा कार्रवाई की, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर सीधा असर पड़ा है.
अंकित बोले- कंपनी ने नहीं किया संपर्क
अंकित ने कहा 'कार्रवाई करने से पहले कंपनी ने मुझसे संपर्क तक नहीं किया.' उनका कहना है कि करीब 100 साल की अवधि के लिए अकाउंट सस्पेंड होने से उनके लिए दोबारा काम करना मुश्किल हो गया है. उन्होंने बताया कि ड्राइविंग ही उनकी आय का अहम जरिया है और अकाउंट बंद होने के बाद परिवार के खर्च को लेकर परेशानी बढ़ गई है.
Rapido ने क्या कहा?
जब हमने इस पूरे मामले पर Rapido की कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस टीम को मेल लिखा तो उन्होनें कहा कि किसी व्यक्ति के अकाउंट से जुड़ी गोपनीय जानकारी और अंदरूनी कार्रवाई का विवरण साझा नहीं किया जा सकता. कंपनी ने बताया कि अकाउंट पर कार्रवाई संबंधित प्लेटफॉर्म पॉलिसी और किसी घटना से जुड़ी उपलब्ध जानकारी के आधार पर की जाती है. Rapido के अनुसार, ऐसी कार्रवाई संबंधित कैप्टन के लिए उपलब्ध रिव्यू और शिकायत निवारण प्रक्रियाओं के अधीन होती है. कंपनी ने यह भी कहा कि उचित अनुमति और वेरिफिकेशन के बिना किसी व्यक्ति के अकाउंट की खास स्थिति पर टिप्पणी नहीं की जा सकती.
ADVERTISEMENT











