लखनऊ सावन महोत्सव में बड़ा हादसा, झूले की बकेट टूटकर अंकिता के चेहरे पर लगी, तीन भाई-बहनों समेत 5 लोग घायल

अंकित मिश्रा

• 08:24 AM • 19 Aug 2026

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर में मंगलवार रात सावन महोत्सव के दौरान तेज रफ्तार झूले की बकेट टूटकर नीचे गिर गई. हादसे में तीन सगे भाई-बहनों समेत पांच लोग घायल हो गए.

Lucknow Sawan Mahotsav Accident

Lucknow Sawan Mahotsav Accident

Google CTA

Lucknow Sawan Mahotsav Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर में मंगलवार रात सावन महोत्सव के दौरान तेज रफ्तार झूले की बकेट टूटकर नीचे गिर गई. हादसे में तीन सगे भाई-बहनों समेत पांच लोग घायल हो गए. घायलों को पास के सुषमा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अंकिता और निशा का इलाज जारी है. इनमें एक किशोरी को मल्टीपल फ्रैक्चर हुआ है.

यह भी पढ़ें...

झूले की बकेट टूटकर अंकिता के चेहरे पर लगी

यह हादसा इंदिरानगर के स्माइलगंज इलाके में आयोजित सावन महोत्सव में हुआ. विभूतिखंड निवासी 14 साल की अंकिता सिंह मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे अपने भाई सूर्या सिंह, बहन नैंसी और दोस्तों के साथ मेला पहुंची थीं. सूर्या के मुताबिक, सभी झूला झूल रहे थे, तभी ऊपर से एक बकेट टूटकर अंकिता के चेहरे पर आ गिरी. टक्कर से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.

ऑपरेटर पर लापरवाही का आरोप

नैंसी और सूर्या ने बताया कि हादसे के बाद झूले के ऑपरेटर से मशीन रोकने की अपील की गई, लेकिन उसने तुरंत झूला बंद नहीं किया. इस दौरान टूटे हिस्से की चपेट में नैंसी, सूर्या और पास बैठी 16 साल की निशा कुमारी समेत अन्य लोग भी घायल हो गए. हंगामे के बाद झूला रोका गया.

मेला संचालक पर भी लगे गंभीर आरोप

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का आरोप है कि मेला संचालक को मौके पर पकड़ा गया था, लेकिन वह चकमा देकर फरार हो गया. घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

दो लड़कियों का इलाज जारी

सुषमा अस्पताल के सीईओ अर्पित सिंघल ने बताया अस्पताल के सामने हादसा होने पर इमरजेंसी टीम को तुरंत अलर्ट किया गया. उन्होंने कहा कि पांच घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. अंकिता और निशा का इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, एक घायल लड़की को मल्टीपल फ्रैक्चर हुआ है, जबकि बाकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे का इलाज तय होगा.