बेटियों ने की थी सेवा... 'निर्लज' बेटे ने मृत पिता की उंगलियों से लगवाया जमीन के कागजों पर अंगूठा

अंकित मिश्रा

• 09:58 AM • 14 Aug 2026

लखनऊ के रहीमाबाद में पिता की मौत के बाद सादे कागजों पर अंगूठे के निशान लगवाने का VIDEO वायरल है. बेटे पर जमीन को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं.

Lucknow News

Lucknow News

Google CTA

Lucknow News: लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. खड़ौहा गांव में 75 वर्षीय छत्रपाल की मौत के बाद उनके बेटे महेंद्र पर आरोप है कि उसने मृत पिता के अंगूठे के निशान सादे कागजों पर लगवाए. बताया जा रहा है कि इस दौरान उसका चचेरा भाई भी उसके साथ था. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस घटना के सामने आने के बाद गांव में बेटे की इस कथित हरकत को लेकर नाराजगी है.

यह भी पढ़ें...

2023 में बुजुर्ग माता-पिता को घर से निकालने का आरोप

रहीमाबाद के खड़ौहा गांव निवासी छत्रपाल और उनकी पत्नी शिवदेवी के साथ उनके बेटे महेंद्र और बहू लक्ष्मी के कथित दुर्व्यवहार की बात सामने आई है. आरोप है कि दोनों बुजुर्गों के साथ लगातार अभद्र व्यवहार करते थे. मामला इतना बढ़ गया कि साल 2023 में छत्रपाल और शिवदेवी को उनके पैतृक घर से बाहर निकाल दिया गया. इसके बाद बुजुर्ग दंपति को रिश्तेदारों के यहां रहने के लिए मजबूर होना पड़ा.

बेटियों ने संभाला तो तीनों को दी एक-एक बीघा जमीन

साल 2024 में छत्रपाल अपनी बड़ी बेटी सुमन के पास रहने लगे. सुमन बुद्धेश्वर, लखनऊ में रहती हैं. इसके अलावा उनकी दो अन्य शादीशुदा बेटियां भी थीं. बेटियों ने अपने बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल की.

बताया गया है कि बेटियों की सेवा से खुश होकर छत्रपाल ने अपनी कुल साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा जमीन तीनों बेटियों के नाम कर दी थी.

वहीं, बेटे महेंद्र और बहू से कथित तौर पर नाराज छत्रपाल ने समाचार पत्र में सार्वजनिक सूचना प्रकाशित कराकर दोनों को अपनी चल-अचल संपत्ति से बेदखल करने की बात कही थी. आरोप है कि इसी वजह से महेंद्र नाराज था.

इलाज के बहाने पिता को गांव ले गया बेटा

मृतक की बेटी सुमन के मुताबिक, 7 जुलाई को छत्रपाल की तबीयत बिगड़ गई थी. इसकी जानकारी महेंद्र को दी गई. इसके बाद महेंद्र अपने परिजनों के साथ लखनऊ पहुंचा. सुमन का आरोप है कि महेंद्र ने उससे विवाद किया और पिता को इलाज कराने की बात कहकर अपने साथ गांव ले गया. इसके तीन दिन बाद 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई.

अंतिम संस्कार के दौरान बहनों से भी विवाद

पिता की मौत की जानकारी मिलने के बाद उनकी बेटियां गांव पहुंचीं. आरोप है कि अंतिम संस्कार के दौरान महेंद्र ने अपनी बहनों के साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की.

सुमन के पति रमेश का कहना है कि इसी दौरान मृत छत्रपाल के अंगूठे के निशान सादे कागजों पर लगवाते हुए देखा गया. मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया.

वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आ गया और ग्रामीणों में भी नाराजगी देखने को मिली.

ग्रामीणों ने जताया आक्रोश

ग्रामीणों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बेटियों ने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा की, जबकि बेटे पर उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और पिता की मौत के बाद भी उनकी देह के साथ ऐसी हरकत करने का आरोप है.

ग्रामीणों ने बेटियों के समर्पण की सराहना भी की. उनका कहना है कि बेटियां अक्सर बुढ़ापे में माता-पिता का सहारा बनती हैं और उनका ख्याल रखती हैं.

पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में रहीमाबाद थाना प्रभारी का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि इस खबर में जमीन, अंगूठे के निशान और अन्य आरोप परिजनों/ग्रामीणों के बताए अनुसार लिखे गए हैं. मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच के आधार पर ही आरोपों की अंतिम पुष्टि होगी.

ये भी पढ़ें: उज्बेकिस्तान और नेपाल से महिलाएं बुलाकर चलाती थी सेक्स रैकेट, लोला क्यूमोवा का काला चिठ्ठा आया सामने!