Baghpat Ankit-Israr Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत में दो दोस्त अंकित और इसरार की हत्या के मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ कई चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं. पुलिस जांच और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, इस पूरे मामले की एक अहम कड़ी इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई एक तस्वीर से जुड़ी बताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम पर तस्वीर से शुरू हुई कहानी
बताया जा रहा है कि गणेश मंदिर के पुजारी नरेशनाथ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट की थी. इस तस्वीर में पुजारी नरेशनाथ और मृतक अंकित की बहन एक-दूसरे का हाथ थामे दिखाई दे रहे थे. सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट होने के बाद अंकित की नजर उस पर पड़ी.
तस्वीर देखने के बाद अंकित के मन में सवाल खड़े हुए. इसके बाद वह अपने दोस्त इसरार को साथ लेकर गणेश मंदिर पहुंचा. आरोप है कि मंदिर पहुंचने के बाद दोनों दोस्त वापस नहीं लौटे. बाद में दोनों के शव मंदिर परिसर में बने एक गड्ढे से बरामद हुए.
मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, अंकित की बहन और पुजारी नरेशनाथ के बीच कथित नजदीकियों से जुड़ी यह तस्वीर ही दोनों दोस्तों के मंदिर पहुंचने की वजह बताई जा रही है.
मंदिर परिसर में दफन मिले दोनों दोस्तों के शव
बताया जा रहा है कि दोनों दोस्तों की हत्या मंदिर परिसर में ही की गई. हत्या के बाद उनके शवों को मंदिर परिसर में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया. इसके बाद उस जगह पर इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछा दी गईं, ताकि जमीन के नीचे शव दबे होने की जानकारी किसी को न हो.
करीब 20 दिन बाद जब मामले का खुलासा हुआ तो मंदिर परिसर में खुदाई कराई गई. इसी दौरान गड्ढे से अंकित और इसरार के शव बरामद किए गए.
हालांकि, इस मामले में अब एक दूसरा पक्ष भी सामने आया है, जिसने हत्याकांड की पूरी कहानी को और पेचीदा बना दिया है.
इसरार की पत्नी और बहन ने लगाए अलग आरोप
मृतक इसरार की पत्नी और उसकी बहन ने भी उसी इंस्टाग्राम तस्वीर का हवाला देते हुए अलग आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि अंकित ने तस्वीर देखने के बाद इसरार को बाइक पर घूमने की बात कहकर अपने साथ ले गया था. इसरार की पत्नी का आरोप है कि इसके बाद अंकित के परिवार ने साजिश के तहत इसरार की भी हत्या करवा दी.
अंकित के परिवार पर भी लगाए आरोप
इसरार के परिजनों का दावा है कि अंकित के परिवार को पहले से ही पुजारी नरेशनाथ और अंकित की बहन के बीच कथित संबंधों की जानकारी थी. इसी आधार पर इसरार के परिवार की ओर से अंकित के परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
अब इसरार का परिवार अंकित के परिवार के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है. इस तरह इंस्टाग्राम पर सामने आई एक तस्वीर से शुरू हुई यह कहानी अब दो परिवारों के अलग-अलग आरोपों के बीच उलझ गई है.
ADVERTISEMENT











