शराब पार्टी में पत्नी पर हुए थे गंदे कमेंट्स... बदले में पति ने 2 साल के अंदर दो दोस्तों को मार डाला, बागपत से आई चौंकाऊ कहानी

मनुदेव उपाध्याय

• 11:20 AM • 13 Oct 2026

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक युवक की हत्या के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक रोपी मनोज पर दो साल के भीतर अपने दो दोस्तों की हत्या करने का आरोप है. दोनों मामलों में पत्नी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद विवाद होने की बात सामने आई है.

Baghpat Murder Case

Baghpat Murder Case (Photo: AI Representational)

Google CTA

Baghpat Murder Case: उत्तर प्रदेश के बागपत में एक युवक की हत्या के मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. पुलिस के मुताबिक रोपी मनोज पर दो साल के भीतर अपने दो दोस्तों की हत्या करने का आरोप है. दोनों मामलों में पत्नी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद विवाद होने की बात सामने आई है. पहली घटना साल 2024 में हरियाणा के सोनीपत में हुई थी, जबकि अब मामला बागपत के दोघट थाना क्षेत्र का है. यहां पुष्पेंद्र का शव गन्ने के खेत में मिला था. पुलिस ने जांच के बाद मनोज को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया.

यह भी पढ़ें...

गन्ने के खेत में मिला पुष्पेंद्र का शव

मामला बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र के इदरीशपुर गांव का है. यहां सुबह गन्ने के खेत में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. बताया गया कि सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले कुछ बच्चों की नजर शव पर पड़ी. उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जांच के दौरान मृतक की पहचान इदरीशपुर गांव निवासी पुष्पेंद्र के रूप में हुई. युवक की हत्या किसने और किन परिस्थितियों में की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जानकारी जुटाई और जांच शुरू की.

सर्विलांस से मिली जानकारी

पुष्पेंद्र की हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ सर्विलांस की भी मदद ली. जांच के दौरान मृतक के दोस्त मनोज की लोकेशन घटनास्थल के आसपास मिली. वारदात के बाद से मनोज के फरार होने की जानकारी भी सामने आई. इससे पुलिस का शक उस पर गहराया और उसकी तलाश तेज कर दी गई. पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि घटना से पहले मनोज और पुष्पेंद्र खेत में बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. पुलिस के मुताबिक, विवाद की वजह मनोज की पत्नी को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी थी.

यह भी पढ़ें- होटल में 6 घंटे तक लड़के के साथ रही समरीन, फिर 10वीं मंजिल से गिरी, लखनऊ में 11:46 बजे किया था चेक-इन!

 

शराब पार्टी में पत्नी पर टिप्पणी

पुलिस के अनुसार, शराब पीने के दौरान पुष्पेंद्र ने कथित तौर पर मनोज की पत्नी को लेकर भद्दी टिप्पणी कर दी. इस बात से मनोज नाराज हो गया और दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई. आरोप है कि गुस्से में मनोज ने पुष्पेंद्र का मुंह और गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद वह शव को गन्ने के खेत में छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस जांच में इस विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. हालांकि, घटना से जुड़े आरोपों और परिस्थितियों की जांच के तहत पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

सोनीपत में भी दोस्त योगेश की हत्या का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मनोज का नाम इससे पहले भी हत्या के एक मामले में सामने आ चुका है. वर्ष 2024 में हरियाणा के सोनीपत में गार्ड की नौकरी के दौरान उस पर अपने दोस्त योगेश की सरिये से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा था. उस मामले में भी पत्नी को लेकर कथित अभद्र टिप्पणी के बाद विवाद होने की बात सामने आई थी. पुलिस के अनुसार, उस केस में मनोज और उसकी पत्नी जेल गए थे. बाद में मनोज को जमानत मिल गई थी. अब बागपत में पुष्पेंद्र की हत्या के मामले में उसका नाम सामने आने के बाद पुलिस उसके पुराने मामले को भी उसके आपराधिक इतिहास के संदर्भ में देख रही है.

पुलिस पर फायरिंग का आरोप

बागपत पुलिस को सूचना मिली थी कि मनोज भगवानपुर नांगल गांव के पास मौजूद है. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने टीम पर गोली चला दी. जवाबी कार्रवाई में मनोज घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने उसके कब्जे से मृतक पुष्पेंद्र का मोबाइल फोन भी बरामद किया है. सीओ बड़ौत अंशु जैन के मुताबिक, दोघट थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में आरोपी की तलाश की जा रही थी. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग हुई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हुआ. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें- श्रद्धा दुबे के फ्लैट में मिलीं यौनवर्धक दवाएं और टॉयज… लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत मामले में आया नया ट्विस्ट