स्वरा भास्कर का पैर छूते ही इमोशनल हुए तेज प्रताप यादव, बोले-बड़ी बहन जैसी हैं

यूपी तक

16 Oct 2026 (अपडेटेड: 16 Oct 2026, 04:20 PM)

रियलिटी शो राइज एंड फॉल-2 से विदाई के दौरान तेज प्रताप यादव ने स्वरा भास्कर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें बड़ी बहन बताया. माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए भी वे भावुक हो गए.

Swara and Tez Pratap Yadav

Swara and Tez Pratap Yadav

Google CTA

बिहार के पूर्व मंत्री और अपने बयानों के लिए अक्सर सुर्खियों में रहने वाले नेता तेज प्रताप यादव इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा का विषय बने हुए हैं. हाल ही में रियलिटी शो राइज एंड फॉल-2 में नजर आए तेज प्रताप का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें शो से विदा लेने से पहले उन्होंने अभिनेत्री स्वरा भास्कर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया और उन्हें गले लगाया. उनका यह इमोशनल अंदाज अब सोशल मीडिया पर लोगों का खूब ध्यान खींच रहा है.

यह भी पढ़ें...

स्वरा भास्कर को बताया बड़ी बहन, पैर छूकर ली विदाई

रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल' में तेज प्रताप यादव का सफर भले ही ज्यादा लंबा न रहा हो लेकिन जाते-जाते वे कुछ खास यादें छोड़ गए. शो से विदाई के वक्त जब वे अभिनेत्री स्वरा भास्कर से मिले तो उन्होंने उनके पैर छूकर प्रणाम किया और गले लगाकर विदा ली. तेज प्रताप ने स्वरा के साथ अपने रिश्ते पर खुलकर बात करते हुए उन्हें अपनी 'बड़ी बहन' बताया. उन्होंने कहा कि शो में पहली मुलाकात के बाद ही उनके बीच आत्मीयता और गहरी दोस्ती का रिश्ता बन गया था. शो के दौरान दोनों के बीच हंसी-मजाक के किस्से भी काफी चर्चा में रहे.

निजी समस्याओं और अदालती मामलों के चलते छोड़ा शो

शो से अचानक बाहर होने के सवाल पर तेज प्रताप ने बताया कि उन्हें निजी समस्याओं और बार-बार मिल रहे अदालती नोटिसों के चलते यह फैसला लेना पड़ा. उनका मानना था कि यदि उन्हें शो में कुछ और समय मिलता, तो वे खेल में और बेहतर प्रदर्शन करते, क्योंकि वे गेम में काफी अच्छा कर रहे थे और जीतने की क्षमता रखते थे. शो में उनका सफर करीब दो सप्ताह तक चला.

माता-पिता को वीडियो कॉल पर देख छलके आंसू

शो के दौरान तेज प्रताप का एक बेहद भावुक पल भी देखने को मिला जब उन्हें सरप्राइज के तौर पर अपने माता-पिता लालू यादव और राबड़ी देवी से वीडियो कॉल पर बात करने का मौका मिला. स्क्रीन पर अपने माता-पिता को देखते ही वे भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं. इस दृश्य को देखकर स्वरा भास्कर भी अपनी बेटी राबिया को याद कर भावुक नजर आईं.

ग्रैंड फिनाले में आने की इच्छा

तेज प्रताप ने बताया कि शो के दौरान इरीना, स्वरा भास्कर, करण, गौतम और प्रियंका जैसे प्रतियोगियों के साथ उनके अच्छे संबंध बन गए थे और वे शो के बाद भी इन सभी के संपर्क में रहना चाहते हैं. उन्होंने यह भी इच्छा जताई है कि वे शो के ग्रैंड फिनाले में दोबारा हिस्सा लेने जरूर आएंगे. 

ये भी पढ़ें: लाल साड़ी, मांग में सिंदूर और गले में मंगलसूत्र... अक्षरा सिंह के नए लुक को देख फैंस भी हैरान!