बिहार की राजनीति के चर्चित चेहरे तेज प्रताप यादव रियलिटी शो 'राइज एंड फॉल 2' से बाहर हो चुके हैं. लेकिन शो के अंदर उनका देसी अंदाज, जबरदस्त एंटरटेनमेंट और विदेशी हसीना इरीना रुदकोवा के साथ उनकी केमिस्ट्री आज भी छाई हुई है. बॉलीवुड स्पेशल एपिसोड में संजय दत्त के कैरेक्टर में दिखे तेज प्रताप ने इरीना संग रोमांटिक डांस कर न सिर्फ कंटेस्टेंट्स बल्कि दर्शकों को भी झूमने पर मजबूर कर दिया. शो को अलविदा कहने वाले तेज प्रताप का गिटार बजाते वीडियो और एग्जिट के बाद उनका बेबाक स्वैग इंटरनेट पर जमकर वायरल हो रहा.
ADVERTISEMENT
संजय दत्त का लुक और इरीना संग रोमांटिक डांस
सफेद कुर्ता-पाजामा, गले में ढेर सारी सोने की चेन और माथे पर तिलक लगाए तेज प्रताप यादव जब 'राइज एंड फॉल 2' के बॉलीवुड स्पेशल एपिसोड में उतरे तो हर कोई उन्हें देखता रह गया. संजय दत्त के लुक में पहुंचे तेज प्रताप ने रशियन एक्ट्रेस इरीना रुदकोवा को अपनी 'डार्लिंग' बताते हुए उनके साथ बेहद रोमांटिक एक्ट किया.
साड़ी में नजर आ रहीं इरीना को लाल गुलाब देकर बांहों में भरकर जब तेज प्रताप झूमे तो बेसमेंट के वर्कर्स से लेकर बाकी कंटेस्टेंट्स तालियां बजाने लगे. दोनों को एक-दूसरे की आंखों में डूबा देख बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर ने चुटकी लेते हुए कहा 'लालू जी सब देख रहे हैं.'
मस्तमौला अंदाज का वीडियो वायरल
इरीना के साथ फ्लर्टिंग और डांस के अलावा सोशल मीडिया पर तेज प्रताप यादव का एक और वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है. इस वीडियो में तेज प्रताप हाथ में गिटार थामकर धुन बजाते और पूरी मस्ती के मूड में दिख रहे हैं. तेज प्रताप यादव का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. लोग उनके इस अवतार को देखकर लोटपोट हो रहे हैं और वीडियो को खूब शेयर कर रहे हैं.
शो से निकलने के पीछे की वजह
'राइज एंड फॉल 2' में तेज प्रताप यादव की एंट्री ने शुरुआत से ही दर्शकों का भरपूर ध्यान खींचा था. हालांकि अब उन्होंने शो से विदाई ले ली है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बिहार की राजनीतिक गतिविधियों में सक्रियता, आगामी चुनावी तैयारियों और कोर्ट-कचहरी से जुड़ी कानूनी जिम्मेदारियों के चलते उन्हें यह फैसला लेना पड़ा और वे शो को अलविदा कहकर वापस लौट आए.
वहां सबसे अनोखा तो मैं ही था-एग्जिट के बाद तेज प्रताप का स्वैग
शो से बाहर निकलने के बाद जब तेज प्रताप से पूछा गया कि उन्हें पूरे शो में सबसे बेहतरीन किरदार किसका लगा तो उन्होंने कहा 'देखिए, वहां सबसे बेहतरीन और अनोखा तो मैं ही था. मेरे जाने के बाद शो चले या न चले, लेकिन मैं यही कहूंगा कि शो चलता रहे और आगे बढ़े.' उनका यह बयान उनके आत्मविश्वास और सिग्नेचर स्टाइल की वजह से सोशल मीडिया पर छाया हुआ है.
ADVERTISEMENT











