टोल कर्मियों से भिड़ना पड़ा भारी! उमर अहमद के काफिले की 2 कारें पुलिस ने कीं सीज

सुनील यादव

• 05:28 PM • 13 Aug 2026

प्रतापगढ़ में टोल प्लाजा पर विवाद के मामले में हथिगवां पुलिस ने उमर अहमद के काफिले में शामिल दो लग्जरी कारें बरामद कर सीज की हैं. आरोपियों की तलाश जारी है.

Umar Ahmed Convoy Toll Plaza News

Umar Ahmed Convoy Toll Plaza News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में माफिया अतीक अहमद के बेटे उमर अहमद के काफिले से जुड़े मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है. हथिगवां पुलिस ने काफिले में शामिल दो लग्जरी कारों को बरामद कर जब्त कर लिया है. दोनों वाहनों को प्रयागराज से बरामद किया गया है. पुलिस अब इन गाड़ियों में सवार लोगों की तलाश में जुटी है.

यह भी पढ़ें...

टोल प्लाजा पर हुआ था विवाद

मामला 8 अगस्त 2026 का है. उमर अहमद लखनऊ जेल से पुलिस कस्टडी में प्रयागराज जा रहा था. उसे अपने छोटे भाई अबान अहमद के अंतिम संस्कार में शामिल होना था. उमर के साथ सरकारी वाहनों का काफिला था, जबकि उसके पीछे समर्थकों के वाहन भी चल रहे थे.

इसी दौरान हथिगवां थाना क्षेत्र के अख्तियारी कोटिला टोल प्लाजा पर काफिले में शामिल कुछ वाहनों में सवार लोगों का टोल कर्मचारियों से विवाद हो गया. आरोप है कि टोल न देने को लेकर गाली-गलौज और धमकी दी गई. इसके बाद टोल बैरियर तोड़ने और कर्मचारियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है.

मैनेजर की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

टोल प्लाजा के मैनेजर की शिकायत के आधार पर हथिगवां थाने में मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक, मुकदमे में गाली-गलौज, धमकी और हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराएं लगाई गई थीं. मामले में काफिले में शामिल दो वाहनों समेत अन्य वाहनों को लेकर भी मुकदमा दर्ज किया गया था.

दो लग्जरी कारें बरामद कर सीज

अब हथिगवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को बरामद कर सीज कर दिया है. पुलिस के मुताबिक, बरामद कारों के नंबर UP70GQ4834 और UP70GV2915 हैं. दोनों गाड़ियों को प्रयागराज से बरामद किया गया. पुलिस अब इन वाहनों में सवार लोगों की तलाश कर रही है. मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है.

सीओ सिटी ने क्या बताया?

सीओ सिटी प्रतापगढ़ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि 8 अगस्त को हथिगवां थाना क्षेत्र के अख्तियारी कोटिला टोल प्लाजा पर उमर अहमद के पीछे चल रहे वाहनों में सवार लोगों ने टोल कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और धमकी दी थी. आरोप है कि बैरियर तोड़कर कर्मचारियों के ऊपर वाहन चलाने का प्रयास किया गया.

उन्होंने बताया कि इस मामले में हथिगवां थाने में मुकदमा अपराध संख्या 166/2026 संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया था. इसी मामले में पुलिस ने दो वाहनों को सीज किया है और अभियुक्तों की तलाश जारी है. सीओ के मुताबिक, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: अबान की मौत वाले हादसे में घायल जैद को आर्मी अस्पताल क्यों कराया गया भर्ती? उमर और फारुख का कैसा है हाल