Abaan Ahmed Burial: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का शनिवार 8 अगस्त को आज प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में अंतिम संस्कार किया जाएगा. अबान की सड़क हादसे के दौरान झांसी में मौत हो गई थी. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए लखनऊ जेल में बंद उसके बड़े भाई उमर अहमद और झांसी जेल में बंद अली अहमद को पैरोल दे दी है. दोनों भाई भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अपने भाई के अंतिम दर्शन के लिए प्रयागराज लाए जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
कड़ी सुरक्षा में प्रयागराज लाए गए दोनों भाई
झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई थी. इस दुखद घटना के बाद परिवार ने हाई कोर्ट में अर्जी देकर जेल में बंद दोनों भाइयों को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति मांगी थी. शुक्रवार 7 अगस्त को कोर्ट से पैरोल मिलने के बाद, शनिवार की सुबह करीब 9 बजे अली अहमद को झांसी जेल से और दोपहर लगभग 12:30 बजे उमर अहमद को लखनऊ जेल से पुलिस के वज्र वाहन की कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज के लिए रवाना किया गया है.
हाई कोर्ट ने पैरोल के लिए रखीं ये सख्त शर्तें
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने उमर और अली को पैरोल दे दी है, लेकिन कोर्ट ने यह पैरोल कुछ सख्त शर्तों के साथ दी है. पहली शर्त यह है कि दोनों भाई मीडिया से पूरी तरह दूरी बनाकर रखेंगे, न तो कोई बयान देंगे और न ही किसी सवाल का जवाब देंगे. दूसरी शर्त के मुताबिक, अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को तुरंत वापस अपनी-अपनी जेलों (लखनऊ और झांसी) में लौटना होगा. तीसरी शर्त यह है कि दोनों भाइयों को अंतिम संस्कार में शामिल होने और परिवार से मिलने के लिए सिर्फ 45 मिनट का ही समय मिलेगा, इसके अलावा वे किसी अन्य व्यक्ति से नहीं मिल सकेंगे.
पिता और भाई की कब्र के पास ही दफनाया जाएगा
अबान अहमद को प्रयागराज के उसी कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्दे-खाक किया जाएगा, जहां पहले से ही उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद को दफनाया गया था. अबान के लिए अतीक परिवार की पांच पुरानी कब्रों के पास ही एक नई कब्र खोदी जा चुकी है.
झांसी में भाई से मिलने जाते समय हुआ था हादसा
जानकारी के मुताबिक 6 अगस्त 2026 को अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने जा रहा था. इसी दौरान झांसी हाईवे पर उसकी तेज रफ्तार कार एक डिवाइडर से टकरा गई. इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें अतीक का सबसे छोटा बेटा अबान अहमद भी शामिल था.
अतीक की मौत और मां शाइस्ता परवीन के फरार होने के बाद से ही अबान और उसका एक और भाई एहजम अपनी बुआ परवीन कुरैशी के साथ प्रयागराज के हटवा गांव में रह रहे थे. अबान का शव भी अभी वहीं रखा गया है.
ADVERTISEMENT











