Lucknow Ola Driver Murder Case: लखनऊ के रहीमाबाद इलाके में पत्नी की हत्या कर शव गोमती नदी में फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में मृतका अंजली सिंह के पति उमेन्द्र प्रताप सिंह और उसकी गर्लफ्रेंड आरती वर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक दोनों ने मिलकर अंजली की हत्या की और शव को कंबल में लपेटकर कार से इटौंजा ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया. वारदात के बाद उमेन्द्र ने खुद थाने पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई, ताकि पुलिस को वह घर से लापता होने का मामला लगे. जांच में सामने आया कि उमेन्द्र और आरती की मुलाकात करीब सात महीने पहले एक ओला राइड के दौरान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत और फिर प्रेम संबंध शुरू हो गया.
ADVERTISEMENT
पत्नी को जानकारी हुई तो बढ़ा विवाद
पुलिस के अनुसार सहिजना गांव निवासी उमेन्द्र प्रताप सिंह ने 30-31 जुलाई की रात रहीमाबाद थाने में पत्नी के लापता होने की सूचना दी थी. इसी दौरान 31 जुलाई को इटौंजा क्षेत्र में गोमती नदी से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ. परिजनों ने शव की पहचान अंजली सिंह के तौर पर की. इसके बाद मृतका के भाई की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई. पूछताछ में पुलिस को पता चला कि अंजली को पति और आरती के रिश्ते की जानकारी हो गई थी. वह लगातार इस संबंध का विरोध कर रही थी. पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के बाद दोनों आरोपियों ने अंजली को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
हत्या के बाद रची गई ये कहानी
पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद अंजली के शव को कंबल में लपेटा गया और कार से इटौंजा ले जाकर गोमती नदी में फेंक दिया गया. इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उमेन्द्र ने पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई. जांच में यह भी सामने आया कि अंजली के करीब 10 लाख रुपये कीमत के 32 जेवर घर से निकालकर आरती को दे दिए गए थे. पुलिस का कहना है कि ऐसा इसलिए किया गया ताकि परिवार और जांच टीम को लगे कि अंजली जेवर लेकर घर से कहीं चली गई है.
गर्लफ्रेंड की निशानदेही पर जेवर और कार बरामद
रहीमाबाद पुलिस के एसएचओ अरुण कुमार त्रिगुनायक ने बताया 'दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी गर्लफ्रेंड की निशानदेही पर मृतका के 32 जेवर, दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है.' पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी उमेन्द्र प्रताप सिंह के खिलाफ हरदोई के लोनार थाने में वर्ष 2020 का एक आपराधिक मुकदमा भी दर्ज है. इसके अलावा अन्य जिलों में उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.
Ola राइड के दौरान हुई थी आरती से मुलाकात
जांच में सामने आया कि आरती वर्मा इंदिरानगर के शालीमार क्षेत्र में रहती है और एक कॉल सेंटर में काम करती थी, जबकि उमेन्द्र Ola ड्राइवर है. पुलिस के मुताबिक, करीब सात महीने पहले एक राइड बुकिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. इसके बाद बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए. करीब एक महीने पहले अंजली को इस रिश्ते की जानकारी हुई, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
ADVERTISEMENT











