Pappu Yadav Attack Case: बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पर हमले के मामले में बुलंदशहर कनेक्शन सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, मामले में सामने आए दोनों आरोपी बुलंदशहर जिले के रहने वाले हैं और दोनों के भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े होने की बात कही जा रही है. इनमें हैप्पी शर्मा बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के नैथला गांव का निवासी बताया जा रहा है, जबकि दूसरा आरोपी सुमित गिरी सिकंदराबाद क्षेत्र के शहपानी गांव का रहने वाला बताया गया है. दोनों एक-दूसरे के पुराने परिचित और दोस्त बताए जा रहे हैं. सोशल मीडिया अकाउंट पर भी दोनों की साथ में कई तस्वीरें मौजूद होने की जानकारी सामने आई है.
ADVERTISEMENT
हैप्पी शर्मा बीजेपी से जुड़ा
जानकारी के मुताबिक नैथला गांव निवासी हैप्पी शर्मा भारतीय जनता पार्टी के ग्रामीण मंडल का उपाध्यक्ष है. बताया जा रहा है कि वह पहले बीजेपी कार्यकर्ता के तौर पर जुड़ा हुआ था और हाल में उसे संगठन में पद मिला है. हैप्पी शर्मा ठेकेदारी का काम करता है, जबकि उसके बड़े भाई गांव में राशन डीलर हैं. दूसरी ओर सुमित गिरी को बीजेपी के सिकंदराबाद मंडल में नगर सचिव बताया गया है. वह खेती और प्रॉपर्टी से जुड़े काम करता है. जानकारी के अनुसार गाजियाबाद में भी सुमित का अपने कुछ दोस्तों के साथ ऑफिस है.
रविवार को दोनों दिल्ली गए थे
सुमित गिरी की मां के मुताबिक वह रविवार को करीब 3 बजे घर से ऑफिस जाने की बात कहकर निकला था. इसके बाद परिवार को टीवी के जरिए पता चला कि वह दिल्ली में किसी सांसद के घर पहुंचा है. जानकारी के मुताबिक, हैप्पी शर्मा और सुमित गिरी दोनों रविवार को दिल्ली गए थे. दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच दोस्ती है. सोशल मीडिया पर मौजूद तस्वीरों को भी उनकी आपसी पहचान और दोस्ती से जोड़कर देखा जा रहा है. फिलहाल पप्पू यादव से जुड़े हमले के मामले में दोनों के नाम सामने आने के बाद बुलंदशहर में उनके स्थानीय संपर्कों और राजनीतिक जुड़ाव को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT











