Instagram पर चल रहा था एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर, लखनऊ में शादीशुदा महिला ने मैरिज से इनकार किया तो अजय यादव ने किया ये कांड!

अंकित मिश्रा

• 09:40 AM • 05 Aug 2026

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई दोस्ती के बाद एक महिला को शादी के लिए दबाव बनाने और उसके इनकार करने पर उसके 11 साल के बेटे के अपहरण का मामला सामने आया है.

Lucknow Instagram Love Affair Case

Lucknow Instagram Love Affair Case (Photo:AI)

Google CTA

Lucknow Kidnapping Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई दोस्ती के बाद एक महिला को शादी के लिए दबाव बनाने और उसके इनकार करने पर उसके 11 साल के बेटे के अपहरण का मामला सामने आया है. करीब नौ महीने पहले महिला की सोशल मीडिया के जरिए बहराइच निवासी 25 साल के अजय यादव उर्फ छन्नू लाल से दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए लेकिन बाद में विवाद होने पर महिला ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी. आरोप है कि महिला के शादी से इनकार करने पर युवक ने उसके बेटे का अपहरण कर लिया और उसे लेकर बहराइच भाग गया. हालांकि लखनऊ पुलिस ने महज 6 घंटे के भीतर बच्चे को सुरक्षित बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

यह भी पढ़ें...

शादी से इनकार पर दी धमकी

पुलिस के मुताबिक महिला और अजय यादव के बीच बातचीत बढ़ने के बाद प्रेम संबंध बन गए थे. कुछ समय बाद दोनों के बीच आपसी कारणों को लेकर विवाद होने लगा और महिला ने आरोपी से दूरी बनानी शुरू कर दी. इसके बावजूद अजय उस पर दोबारा साथ रहने और शादी करने का दबाव डालता रहा. महिला ने जब उसके साथ रहने और शादी करने से साफ इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. इसके बाद उसने महिला के 11 साल के बेटे को किडनैप कर लिया और बहराइच लेकर चला गया.

महिला को था हत्या का डर

बेटे के अचानक लापता होने से महिला घबरा गई. उसे आशंका हुई कि अजय ने उसके बेटे के साथ कोई अनहोनी कर दी है. इसके बाद महिला ने मड़ियांव थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई. मामला बच्चे के अपहरण से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. जांच के दौरान उसकी लोकेशन बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र स्थित ग्राम चुलम्भा में मिली.

पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित छुड़ाया

लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र स्थित ग्राम चुलम्भा पहुंची. वहां पुलिस ने आरोपी अजय यादव को गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से महिला के 11 वर्षीय बेटे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने महिला पर शादी के लिए दबाव बनाने और उसके इनकार करने के बाद बच्चे को अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की. बच्चे की बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

डीसीपी अमित कुमार आनंद ने क्या बताया?

डीसीपी उत्तरी अमित कुमार आनंद ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि '3 और 4 अगस्त की दरमियानी रात करीब पौने 1 बजे मड़ियांव थाने को बच्चे के अपहरण की सूचना मिली. पुलिस ने 6 घंटे के भीतर आरोपी को दबोच लिया और बच्चे को बरामद कर लिया.' पुलिस के मुताबिक, मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. सोशल मीडिया के जरिए हुई दोस्ती के बाद शुरू हुआ यह विवाद आखिरकार बच्चे के अपहरण तक पहुंच गया, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया.