इस दर्द को सीने में दबाए जी रहा था अतीक का बेटा आबान, मौत भी उसे नहीं मिटा सकी!

आनंद राज

• 12:00 PM • 08 Aug 2026

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की आज प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी है. गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अबान और उसके दोस्त की मौत हो गई थी.

Atiq Ahmed Son Aban News

Atiq Ahmed Son Aban News

Google CTA

Atiq Ahmed Son Aban News: अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की आज प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी है. गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में अबान और उसके दोस्त की मौत हो गई थी. शुक्रवार सुबह अबान का शव प्रयागराज पहुंचा, जिसे फिलहाल हटवा में चाची के घर रखा गया है. अबान को उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्र के पास दफनाया जाएगा. अंतिम संस्कार को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.

यह भी पढ़ें...

पिता और भाई के जनाजे में शामिल नहीं हो सका था अबान

अबान की जिंदगी में पहले भी कई ऐसे मौके आए, जब वह अपने करीबियों को आखिरी विदाई नहीं दे सका. 24 फरवरी 2023 को प्रयागराज में उमेश पाल की हत्या के बाद अतीक अहमद के परिवार पर पुलिस की कार्रवाई तेज हुई. इसी दौरान अतीक के नाबालिग बेटों आजम और अबान को राजरूपपुर स्थित बाल संरक्षण गृह में रखा गया था. अप्रैल 2023 में अतीक के बेटे असद की झांसी में पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई और 15 अप्रैल की रात अतीक अहमद व उसके भाई अशरफ की पुलिस हिरासत में गोली मारकर हत्या कर दी गई. उस समय अबान और आजम बाल संरक्षण गृह में होने के कारण जनाजे में शामिल नहीं हो सके.

सात महीने बाद कब्र पर पहुंचकर रो पड़ा था अबान

अक्टूबर 2023 में बाल कल्याण समिति के आदेश के बाद दोनों भाइयों को उनकी बुआ परवीन कुरैशी की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया. बाल संरक्षण गृह से बाहर आने के बाद दोनों सबसे पहले कसारी-मसारी कब्रिस्तान पहुंचे. यहां उन्होंने अपने पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्र पर फातिहा पढ़ी. करीब सात महीने बाद अपने पिता की कब्र पर पहुंचने के दौरान अबान भावुक होकर रो पड़ा था. उसके करीबियों के मुताबिक, पिता को आखिरी बार न देख पाने और उनके जनाजे में शामिल न हो पाने का दर्द उसके मन में बना रहा.

2025 में फिर चर्चा में आया था अबान

कसारी-मसारी कब्रिस्तान में पिता और भाई की कब्र पर पहुंचने के बाद अबान कुछ समय के लिए मीडिया और सोशल मीडिया की चर्चा से दूर हो गया था. हालांकि साल 2025 में वह फिर सुर्खियों में आया, जब वह अपने बड़े भाई अली अहमद से जेल में मुलाकात करने पहुंचा था. इसके बाद एक शादी समारोह का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इस मामले को लेकर अबान के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की बात भी सामने आई थी.

हादसे में कैसे हुई अबान की मौत?

गुरुवार को झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र में अबान की कार का भीषण एक्सीडेंट हुआ. हादसे में अबान और उसके दोस्त की मौत हो गई. झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, कार की जोरदार टक्कर से ब्रेन हैमरेज हुआ था. इसके अलावा लिवर, आंत और हार्ट समेत पेट के अंदरूनी अंगों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा. ज्यादा खून निकलने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत होने की बात सामने आई. पुलिस कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.

पिता अतीक और भाई असद के पास दफन होगा अबान

शुक्रवार सुबह अबान का शव प्रयागराज पहुंचा और उसे हटवा में चाची के घर रखा गया. अब कसारी-मसारी कब्रिस्तान में उसके अंतिम संस्कार की तैयारी पूरी की जा रही है. अबान को उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद के पास दफनाया जाएगा. वहीं, अबान के अंतिम संस्कार में उसके बड़े भाई अली अहमद के शामिल होने के लिए पैरोल मंजूर की गई है. अली को झांसी जेल से भारी पुलिस सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया जा रहा है. अंतिम संस्कार को देखते हुए पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है.