Noida E Bus: नोएडा प्राधिकरण पब्लिक ट्रांसपोर्ट को और बेहतर बनाने के लिए बड़ी तैयारी कर रहा है. प्राधिकरण अपनी मौजूदा 100 इलेक्ट्रिक बसों के बेड़े में 225 नई ई-बसें शामिल करने जा रहा है. इसके साथ ही शहर भर में कई जगहों पर नए बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे. इन नई बसों के आने से शहर के कई नए रूटों पर सफर करना आसान हो जाएगा. जानकारी के मुताबिक ई-बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है, जिससे प्राधिकरण को रोजाना करीब 5 लाख रुपये की कमाई हो रही है.
ADVERTISEMENT
तीन-चार महीने में आएंगी नई बसें
नोएडा के सीईओ कृष्ण करुणेश ने बताया कि ये नई बसें तीन से चार महीनों के भीतर बेड़े में शामिल हो जाएंगी. कुल 225 नई बसों में से लगभग 125 बसों का संचालन यूपीएसआरटीसी (UPSRTC) करेगा, जबकि बाकी 100 बसें ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (GCC) मॉडल के तहत चलाई जाएंगी. इन बसों को चलाने के लिए प्राधिकरण नए बस स्टॉप भी बनाने वाला है, जिसके लिए सर्वे का काम भी शुरू हो गया है.
ऐसे होगा इन बसों का संचालन
जीसीसी (GCC) मॉडल के तहत बस नेटवर्क का पूरा कंट्रोल सरकार या प्राधिकरण के पास होता है, जबकि बसों को चलाने और उनके रखरखाव का जिम्मा एक प्राइवेट कंपनी उठाती है. यूपीएसआरटीसी जिले में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के साथ मिलकर यह सिटी बस सेवा चलाता है. बसों के रूट, किराया, समय और संचालन से जुड़ी अन्य चीजें प्राधिकरण द्वारा ही तय की जाती हैं.
जुलाई-अगस्त में तेजी से बढ़े यात्री
जानकारी के मुताबिक इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है. आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई महीने में करीब 1.5 लाख लोगों ने ई-बसों में सफर किया था, जबकि अगस्त में यह संख्या तेजी से बढ़कर 3.4 लाख तक पहुंच गई थी. प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक इन बसों के संचालन से अच्छी कमाई हो रही है और रोजाना करीब 5 लाख रुपये का राजस्व मिल रहा है.
पांच रूटों पर चल रही ई-बसें
नोएडा प्राधिकरण वर्तमान में नोएडा के बोटेनिकल गार्डन बस स्टैंड से पांच अलग-अलग रूटों पर ई- बसें चला रहा है. ये बसें ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर चौक और एक मूर्ति, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, सेक्टर 62, सूरजपुर कलेक्ट्रेट और दिल्ली के आनंद विहार तक जाती हैं. इन स्टॉप से हर 20 मिनट के अंतराल पर आसानी से बसें मिल जाती हैं.
सुझाव और शिकायत के लिए हेल्पलाइन
नई बसों की संख्या बढ़ाने के लिए शहर में कई नए रूट भी बनाए जाएंगे. नोएडा प्राधिकरण ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर (1800-180-2877) जारी किया है. इस नंबर पर कॉल करके लोग अपने सुझाव दे सकते हैं या किसी भी तरह की शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
यह भी पढ़ें: मायावती ने जाहिर की ये आशंका और भतीजी दीपिका आनंद के लिए भी बंद किए बसपा के दरवाजे, अब किसे किया जाएगा आगे?
ADVERTISEMENT











