Gorakhpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में 8 अगस्त को शिवकुमार तिवारी की बेरहमी से हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने घटना में शामिल सभी आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथी ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी नामजद आरोपियों पर एनएसए (NSA) लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है, तो वहीं आरोपियों के घर पर पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है.
ADVERTISEMENT
वीडियो वायरल होने पर हुई कार्रवाई
गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र में 8 अगस्त को गांव के ही चौधरी पट्टी के लोगों ने शिवकुमार तिवारी की निर्मम हत्या कर दी थी. इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए सभी आठ नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस प्रशासन ने इन सभी पर एनएसए के तहत कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है. इसके साथ ही शांति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.
सांत्वना देने नहीं पहुंचा कोई नेता
इस दर्दनाक घटना के बाद शिवकुमार तिवारी के घर पर रिश्तेदारों और गांव वालों की भारी भीड़ लगी है. मृतक के बेटे आदित्य गहरे दुख में हैं और कुछ भी बोलने की हालत में नहीं हैं. उनके रिश्तेदार भानु मिश्रा ने बताया कि जिले में कई सजातीय ब्राह्मण जनप्रतिनिधि हैं, लेकिन कोई भी पीड़ित परिवार को सांत्वना देने नहीं पहुंचा है. वहीं, न्याय की मांग को लेकर स्थानीय ब्राह्मण एकता परिषद ने कोरांव तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर ज्ञापन भी सौंपा है.
आरोपियों के घर पर पसरा सन्नाटा
तो वहीं, हत्या की इस घटना को अंजाम देने वाले चौधरी पट्टी के आरोपियों के घर के बाहर एकदम सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके घर की सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं.
ADVERTISEMENT











