Congress 200 Seats Poster: उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर राजनीति अब पोस्टर वॉर में बदल गई है. लखनऊ की सड़कों पर इन दिनों एक पोस्टर खूब चर्चा में हैं. इस पोस्टर में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस के नेताओं की फोटो लगी है और दावा किया है कि '200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा.'
ADVERTISEMENT
अब इस पोस्टर को लेकर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बड़ा दावा किया है. उन्होंने लिखा यह पोस्टर अज्ञात लोगों द्वारा चोरी छिपे लगवाए जा रहे हैं. वो यही नहीं रुके उन्होंने इस साजिश में उप्र म्युनिसिपल के उच्चाधिकारियों का हाथ भी बताया और कहा भ्रष्ट अधिकारियों का सारा कच्चा-चिट्ठा रखा जा रहा है. पीडिए की सरकार आएगी तो इन सबका पक्का हिसाब-किताब किया जाएगा.
बता दें कुछ दिनों पहले मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से यह दावा किया गया थी कि कांग्रेस की तरफ से सपा को 170 सीटों की एक लिस्ट सौंपी गई है. जिसमें सीटों को A-B-C-D कैटेगरी में बांटा गया है.
अखिलेश ने एक्स पर दी चेतावनी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स हैंडल पर लिखा कि नगर निगम के उच्चाधिकारियों को तुरंत निलंबित कर देना चाहिए. उनका आरोप है कि बिना पैसा जमा किए सरेआम चोरी-छिपे पोस्टर लगाए जा रहे हैं और इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है. उन्होंने लिखा यह या तो सीधा भ्रष्टाचार है या फिर शासन के दबाव में नगर निगम भ्रष्टाचार होने दे रहा है. जिससे राजस्व का भी भारी नुकसान हो रहा है.
उन्होंने चेतावनी दी है कि वह तारीख के हिसाब से जिम्मेदार अधिकारियों का पूरा रिकॉर्ड रख रहे हैं. पीडीए की सरकार बनने पर ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों का कच्चा-चिट्ठा खोला जाएगा और ईडी, सीबीआई तथा ईओडब्ल्यू को सक्रिय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
लखनऊ में कांग्रेस का पोस्टर वायरल
अखिलेश यादव का यह सख्त रुख लखनऊ की सड़कों पर लगे एक पोस्टर के सामने आने के बाद देखने को मिला है. इस पोस्टर में राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें लगी हुई हैं. पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा गया है '200 सीट हक है हमारा, यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा.' चुनाव से काफी पहले आए इस पोस्टर ने सियासी हलचल तेज कर दी है.
कांग्रेस ने सपा से मांगी 170 सीटें
2027 के चुनाव के लिए कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की तैयारी चल रही है. कांग्रेस ने अपने जमीनी फीडबैक के आधार पर करीब 170 सीटों की एक लिस्ट समाजवादी पार्टी को सौंपी है. पार्टी ने इन सीटों को ए, बी, सी और डी कैटेगरी में बांटा है. 'ए' कैटेगरी की सीटों पर कांग्रेस अपना रुख साफ कर चुकी है और यहां समझौते की गुंजाइश नहीं है. 'बी' कैटेगरी की सीटों पर मामूली बदलाव हो सकता है, जबकि 'सी' और 'डी' कैटेगरी की सीटों पर कांग्रेस सपा के साथ बातचीत के लिए पूरी तरह से तैयार है.
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस ने सपा को सौंपी 170 उम्मीदवारों की सूची, A-B-C-D कैटेगरी में बांटी सीटें
ADVERTISEMENT











