12 साल की उम्र तक सौतेले पिता ने किया यौन शोषण... लखनऊ की युवती का बचपन था डरावना, मां ने भी नहीं दिया साथ!

अंकित मिश्रा

• 01:18 PM • 14 Aug 2026

Lucknow Crime News: लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार में युवती ने सौतेले पिता पर बचपन से दुष्कर्म और मां पर जबरन गर्भपात कराने का आरोप लगाया है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की.

Lucknow Crime News

Lucknow Crime News

Google CTA

लखनऊ के गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में एक युवती ने अपने सौतेले पिता वाजिद हाशमी (बदला हुआ नाम) पर बचपन से रेप करने और अपनी मां पर जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है. मलेसेमऊ की एक कॉलोनी की रहने वाली युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने माता-पिता दोनों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, रेप और जबरन गर्भपात कराने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें...

पीड़िता थी छह साल की, तब मां ने की थी दूसरी शादी

पीड़िता के मुताबिक, जब वह महज छह साल की थी, तभी उसकी मां ने उसके पहले पति से तलाक लेकर दूसरी शादी कर ली थी. इसके बाद मां पीड़िता समेत अपने चारों बच्चों को लेकर दूसरे पति के साथ रहने लगी. आरोप है कि सौतेले पिता हाशमी ने पीड़िता का 12 साल की उम्र तक लगातार यौन शोषण किया. पीड़िता का कहना है कि उसने इस बारे में अपनी मां को भी बताया था, लेकिन मां ने कोई कदम उठाने के बजाय चुप्पी साधे रखी.

2022 में कराया निकाह, फिर सौतेले पिता के दबाव में तलाक

पीड़िता ने बताया कि साल 2022 में परिजनों ने उसका निकाह करा दिया था. हालांकि, कुछ ही दिनों बाद उसके सौतेले पिता ने दबाव बनाकर उसका तलाक करवा दिया. इसके बाद साल 2023 में पीड़िता ने थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप है. पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद साल 2024 में उसने घर छोड़ दिया और बाहर नौकरी करने लगी.

कोर्ट मैरिज के बाद हुई गर्भवती

घर छोड़ने के बाद पीड़िता ने एक युवक से कोर्ट मैरिज कर ली. गर्भवती होने के बाद वह अपने पति के साथ महोबा चली गई. आरोप है कि इसी दौरान उसकी मां ने पहले उसके पति पर धर्मांतरण का दबाव बनाया. इसके बाद कथित तौर पर झांसा देकर पीड़िता को वापस लखनऊ बुलाया गया. पीड़िता का आरोप है कि लखनऊ आने के बाद उसकी मर्जी के खिलाफ चार महीने का गर्भपात करा दिया गया.

पति को पता चला तो दाखिल की तलाक की अर्जी

पीड़िता के पति को जब बिना उसकी जानकारी के गर्भपात कराए जाने की बात पता चली तो वह नाराज हो गया. इसके बाद उसने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी.

पीड़िता का आरोप है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद उसकी जिंदगी बुरी तरह प्रभावित हुई. इसके बाद उसने गोमतीनगर विस्तार थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती बताई.

माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गोमतीनगर विस्तार थाने के इंस्पेक्टर गौरव बाजपेई ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर माता-पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें: लोला के मोबाइल में मिलीं विदेशी महिलाओं की तस्वीरें, 'क्लीनचिट' पाने वाले डॉ विवेक को लखनऊ पुलिस ने फिर पकड़ा!