उत्तर प्रदेश के बागपत में दो दोस्तों अंकित और इसरार की हत्या की जांच के बीच सामने आई एक वायरल तस्वीर को लेकर अब नया पक्ष सामने आया है. तस्वीर में मंदिर के महंत नरेशनाथ के साथ नजर आ रही युवती मृतक अंकित की बहन है. युवती ने महंत के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध या अफेयर से इनकार किया है. उसका कहना है कि वह महंत नरेशनाथ को पिता की तरह मानती थी और महंत भी उसे बेटी मानते थे. युवती ने वायरल तस्वीर को लेकर भी सफाई देते हुए कहा कि यह तस्वीर हरिद्वार की है और उस दौरान वह अपने परिवार के साथ वहां गई थी.
ADVERTISEMENT
मंदिर परिसर में मिले थे दोनों दोस्तों के शव
मामला बागपत के चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर का है. यहां मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास जमीन में दबे अंकित और इसरार के शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई थी. बताया गया कि इसी हवन कुंड के पास मंदिर के महंत नरेशनाथ साधना किया करते थे.
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर से जुड़े दो शिष्यों को गिरफ्तार किया. वहीं, महंत नरेशनाथ और एक अन्य आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है.
वायरल तस्वीर बनी जांच में अहम कड़ी
इसी बीच महंत नरेशनाथ की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई. तस्वीर में महंत एक युवती का हाथ पकड़े दिखाई दे रहे थे. बाद में यह सामने आया कि तस्वीर में मौजूद युवती मृतक अंकित की बहन है.
बताया गया कि इस तस्वीर को लेकर अंकित और उसका दोस्त इसरार महंत नरेशनाथ से मिलने पहुंचे थे. इसके बाद दोनों की हत्या कर शवों को मंदिर परिसर में हवन कुंड के पास दफन किए जाने का आरोप सामने आया.
महंत से संबंधों की बात पर युवती ने क्या कहा?
पुलिस की जांच में महंत नरेशनाथ और युवती के बीच कथित संबंधों के एंगल को भी हत्याकांड की वजह से जोड़कर देखा गया था. हालांकि, अब अंकित की बहन ने इस दावे से साफ इनकार किया है.
युवती का कहना है कि महंत नरेशनाथ के साथ उसका कोई प्रेम संबंध या अफेयर नहीं था. वह उन्हें पिता या बाबा की तरह मानती थी. उसके मुताबिक, महंत भी उसे अपनी बेटी मानते थे.
'अवैध संबंध की बात सिर्फ अफवाह'
अंकित की बहन ने महंत के साथ अवैध संबंध होने की बात को महज अफवाह बताया है. उसने वायरल तस्वीर को लेकर भी अपनी स्थिति स्पष्ट की है.
युवती के अनुसार, यह तस्वीर हरिद्वार की है. उसका कहना है कि वह हरिद्वार अकेली नहीं गई थी, बल्कि उसके परिवार के लोग भी उसके साथ मौजूद थे.
इस बयान के बाद बागपत के इस डबल मर्डर मामले में वायरल तस्वीर को लेकर एक अलग पक्ष सामने आया है. फिलहाल, युवती ने महंत नरेशनाथ के साथ किसी भी तरह के प्रेम संबंध से इनकार किया है.
ADVERTISEMENT











