लखनऊ के चर्चित हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने तोड़ी चुप्पी, बोली- मैं निर्दोष हूं, बिल्डिंग के CCTV फुटेज चेक करो

यूपी तक

18 Oct 2026 (अपडेटेड: 18 Oct 2026, 09:46 PM)

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के बहुचर्चित व्यापारी शिवा शर्मा की कथित हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है. श्रद्धा ने बॉयफ्रेंड शिवा की हत्या को पूरी तरह से गलत दावा बताया है. उन्होंने कहा है कि शिवा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की थी.

Lucknow Shiva Sharma Death Case

Lucknow Shiva Sharma Death Case

Google CTA

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के बहुचर्चित व्यापारी शिवा शर्मा की कथित हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ दी है. श्रद्धा ने बॉयफ्रेंड शिवा की हत्या को पूरी तरह से गलत दावा बताया है. उन्होंने कहा है कि शिवा की हत्या नहीं हुई थी, बल्कि उसने चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की थी. उन्होंने दावा किया है कि शिवा के ऊपर लाखों रुपये का कर्जा था, जिससे वह काफी परेशान रहता था. इतना ही नहीं, श्रद्धा ने यह भी बताया है कि शिवा ने उसके घर से लाखों रुपए के गहने भी चुराए थे. श्रद्धा ने अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की अपील की है और यह भी कहा है कि जांच पूरी होने तक उन्हें दोषी न माना जाए. बता दें शिवा की हत्या के बाद से ही श्रद्धा लगातार फरार चल रही थी. जानकारी के मुताबिक वह भारत छोड़कर नेपाल पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए भाग गई थी और वहां वो लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी.

यह भी पढ़ें...

बिल्डिंग के सीसीटीवी से सामने आ जाएगा सच

श्रद्धा दुबे ने दावा किया है कि शिवा की किसी ने हत्या नहीं की है, बल्कि उसने खुद बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है. श्रद्धा ने इस मामले में पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया है. उन्होंने दावा किया है कि पुलिस ने हर जगह के कैमरों को खंगाल लिया है, लेकिन बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को अभी तक चेक नहीं किया है. जबकि सच उसी फुटेज में छुपा है. उन्होंने कहा है कि पुलिस बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग को चेक कर लेती है तो सच्चाई सबके सामने आ जाएगी और वह बेगुनाह साबित हो सकती है.

लाखों के कर्ज में था शिवा

श्रद्धा ने बताया है कि वह शिवा को करीब चार महीने से जानती थी और पिछले दो महीनों से शिवा उसके घर पर आने लगा था. श्रद्धा ने दावा किया है कि शिवा पर करीब 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था और वह कर्जदारों के फोन से परेशान रहता था. उसने यह भी आरोप लगाया है कि करीब एक महीने पहले शिवा उसके घर से पांच से छह लाख रुपये के गहने ले गया था. हालांकि उसने एक वीडियो में गहने वापस लौटाने की बात कही थी. बता दें, श्रद्धा ने जो दावे किए है उनकी अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है. 

श्रद्धा ने शिवा शर्मा की मां के द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोपों को भी गलत बताया है. 

अस्पताल से क्यों भाग गई थी श्रद्धा?

अस्पताल से भागने के आरोपों को लेकर श्रद्धा ने कहा है कि शिवा के साथ हुए हादसे के बाद वह गहरे सदमे में थी. शिवा को अस्पताल ले जाते समय उसे सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी थी और कुछ निजी कारणों से वह वहां से चली गई थी. उन्होंने अस्पताल से ड्राइवर के भाग जाने पर भी चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि अस्पताल में उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की गई थी, जिससे वह भी घबराकर वहां से भाग गया था. 

वायरल तस्वीरों और डायरी पर सफाई

शिवा की मौत के बाद सोशल मीडिया पर श्रद्धा की कई लोगों के साथ अलग-अलग तरह की तस्वीरें भी वायरल हुई थी. इसपर श्रद्धा ने अपनी कड़ी आपत्ति जताई है. इसके अलावा उन्होंने एक डायरी के जरिए इस मामले के खुलासे की बातों को भी पूरी तरह से गलत बताया है.

श्रद्धा ने इस मामले में अपनी बहन को भी बेकसूर बताया है. और कहा है कि उसके नाम को इस मामले में बेवजह घसीटा जा रहा है. जबकि उसकी बहन को इस घटना के बारे में कोई भी जानकारी नहीं थी.

यह भी पढ़ें: लखनऊ हत्याकांड में फरार आरोपी श्रद्धा दुबे ने लगाई सरेंडर अर्जी, गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद क्या नेपाल से लौटी भारत?