उत्तर प्रदेश से राजस्थान और गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए रेल सफर का एक और विकल्प मिलने जा रहा है. वाराणसी और गुजरात के साबरमती के बीच सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा शुरू होने से चार राज्यों के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी. इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश के यात्रियों को मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी.
ADVERTISEMENT
ट्रेन का रास्ता सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है. मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला, आगरा, भरतपुर, जयपुर, अजमेर और आबू रोड जैसे स्टेशनों से होकर गुजरेगी. इससे रास्ते में पड़ने वाले कई शहरों के यात्रियों को भी सीधी ट्रेन मिलेगी.
रेलवे की ओर से जारी टाइम टेबल के मुताबिक, ट्रेन के दो नंबर हैं. वाराणसी से साबरमती जाने वाली ट्रेन का नंबर 12206 और साबरमती से वाराणसी आने वाली ट्रेन का नंबर 12205 है.
वाराणसी से शाम 5:30 बजे चलेगी ट्रेन
वाराणसी से साबरमती जाने वाली ट्रेन संख्या 12206 हर दिन शाम 5:30 बजे वाराणसी जंक्शन से रवाना होगी. शाम 7:08 बजे मिर्जापुर पहुंचेगी और दो मिनट रुकने के बाद आगे बढ़ेगी. प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन पर इसका समय रात 8:35 से 8:40 बजे तक रहेगा.
इसके बाद ट्रेन कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन पर रात 11:10 बजे पहुंचेगी. यहां पांच मिनट रुकने के बाद टूंडला के लिए रवाना होगी. अगले दिन सुबह 3:30 बजे टूंडला और 4:40 बजे आगरा के ईदगाह स्टेशन पहुंचेगी.
आगे का सफर भरतपुर, नदबई, खेड़ली, मंडावर महवा रोड और बांदीकुई होते हुए पूरा होगा. ट्रेन सुबह 9:19 बजे गांधीनगर जयपुर और 9:45 बजे जयपुर जंक्शन पहुंचेगी. यहां से किशनगढ़ और अजमेर होते हुए राजस्थान के दूसरे शहरों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी.
ट्रेन दोपहर 12:22 बजे अजमेर, 1:08 बजे ब्यावर, 2:20 बजे मारवाड़ जंक्शन और 3:03 बजे फालना पहुंचेगी. इसके बाद आबू रोड, पालनपुर और मेहसाणा होते हुए रात 8:15 बजे साबरमती स्टेशन पहुंच जाएगी.
वापसी में सुबह 5:20 बजे साबरमती से मिलेगी ट्रेन
साबरमती से वाराणसी आने वाली ट्रेन संख्या 12205 रोजाना सुबह 5:20 बजे रवाना होगी. गुजरात से राजस्थान और उत्तर प्रदेश आने वाले यात्रियों को इस ट्रेन का फायदा मिलेगा.
ट्रेन सुबह 6:05 बजे मेहसाणा, 7:08 बजे पालनपुर और 7:50 बजे आबू रोड पहुंचेगी. इसके बाद फालना, मारवाड़ जंक्शन और ब्यावर होते हुए दोपहर 12:40 बजे अजमेर पहुंचेगी.
जयपुर जंक्शन पर ट्रेन दोपहर 2:40 बजे पहुंचेगी. यहां से गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली और नदबई होते हुए शाम 6:30 बजे भरतपुर पहुंचेगी.
आगरा के ईदगाह स्टेशन पर ट्रेन रात 8 बजे पहुंचेगी. इसके बाद रात 9:15 बजे टूंडला और 11:53 बजे कानपुर के गोविंदपुरी स्टेशन पहुंचेगी. प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन पर इसका ठहराव अगले दिन रात 2:15 से 2:20 बजे तक रहेगा. मिर्जापुर में सुबह 3:48 बजे पहुंचने के बाद ट्रेन सुबह 6:30 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंच जाएगी.
इन स्टेशनों पर मिलेगा ठहराव
ट्रेन के रास्ते में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं. यात्रियों की सुविधा के लिए इसका ठहराव इन स्टेशनों पर दिया गया है.
- उत्तर प्रदेश: वाराणसी, मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला और ईदगाह आगरा.
- राजस्थान: भरतपुर, नदबई, खेड़ली, मंडावर महवा रोड, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़ जंक्शन, फालना और आबू रोड.
- गुजरात: पालनपुर, मेहसाणा और साबरमती.
इस रूट का फायदा उन लोगों को भी मिलेगा जिन्हें प्रयागराज, कानपुर, आगरा, जयपुर या अजमेर जाना है. उन्हें अपने गंतव्य के हिसाब से बीच के स्टेशनों से ट्रेन पकड़ने का विकल्प मिलेगा.
ट्रेन में होंगे 21 कोच, AC से जनरल तक की सुविधा
यात्रियों की अलग-अलग जरूरतों को देखते हुए ट्रेन में कई श्रेणियों के कोच लगाए गए हैं. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इसमें कुल 21 डिब्बे होंगे. इनमें छह थर्ड एसी, दो सेकेंड एसी, छह स्लीपर और पांच जनरल कोच शामिल हैं. इनके अलावा दो एसएलआर कोच भी होंगे.
ये भी पढ़ें- 1 जनवरी से इन ट्रेनों का किराया हो जाएगा कम, यूपी से दिल्ली-मुंबई जाने वालों का भी बचेगा पैसा
ADVERTISEMENT











