MLA Sarita Bhadauria Viral Video: इटावा सदर से भाजपा विधायक सरिता भदौरिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. समाजवादी पार्टी ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया है. वीडियो में विधायक गाड़ी में बैठकर कुछ लोगों से बातचीत के दौरान कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती नजर आ रही हैं. हालांकि, विधायक ने वीडियो को लेकर अलग पक्ष रखा है और इसे उनके खिलाफ सुनियोजित साजिश बताया है.
ADVERTISEMENT
परशुराम की मूर्ति लगवाने की मांग को लेकर पहुंचे थे सपा कार्यकर्ता
बताया गया है कि यह मामला उस वक्त का है, जब समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी के कार्यकर्ता और कुछ ग्रामीण परशुराम की मूर्ति लगवाने की मांग को लेकर विधायक के पास पहुंचे थे. सपा नेताओं का आरोप है कि इसी दौरान विधायक ने उनके साथ अभद्रता की और गाली-गलौज की. इसके बाद पुलिस के जरिए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का भी आरोप लगाया गया है.
विधायक बोलीं- जबरदस्ती साइन कराने की कोशिश की गई
वहीं, विधायक सरिता भदौरिया ने इन आरोपों को अलग तरीके से बताया है. उनका कहना है कि सपा कार्यकर्ता बिना किसी पूर्व सूचना के लेटर पैड पर साइन कराने के लिए दबाव बना रहे थे. विधायक के मुताबिक, इन लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और उनके साथ बदतमीजी की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके यहां मौजूद एक लड़के के साथ मारपीट की गई. सरिता भदौरिया का कहना है कि उनकी छवि खराब करने के मकसद से वीडियो का सिर्फ अधूरा हिस्सा सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया है.
सपा नेताओं ने लगाया फर्जी मुकदमे का आरोप
समाजवादी पार्टी के लोहिया वाहिनी जिला महासचिव रेशु चौधरी और प्रदेश सचिव गोपाल यादव ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सपा नेताओं का कहना है कि वे विकास कार्यों और परशुराम की मूर्ति लगाने की मांग को लेकर पहुंचे थे. उनका आरोप है कि इसी दौरान विधायक ने उनके साथ बदसलूकी की. सपा नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस भेजकर युवकों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराए गए और एससी/एसटी एक्ट लगाया गया.
निष्पक्ष जांच की मांग
सपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, विधायक की ओर से वायरल वीडियो को अधूरा बताते हुए इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया गया है. फिलहाल, वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर मामला चर्चा में है.
ये भी पढ़ें: 2 शब्द जरूर कहने चाहिए थे... अतीक के बेटे की मौत पर सपा MLA आरके वर्मा ने कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी को लिया निशाने पर
ADVERTISEMENT











