लखनऊ में अपनी बहन की मौत से पहले पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा ने फेसबुक पर क्या लिखा था, किससे मांगी थी मदद?

हर्ष वर्धन

• 03:43 PM • 20 Aug 2026

Lucknow Crime News: लखनऊ में पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. आपको बता दें कि बहन पर हुई फायरिंग के बाद पत्रकार प्रज्ञा ने फेसबुक पोस्ट कर पुलिस से मदद मांगी थी.

Lucknow Murder News

Lucknow Murder News

Google CTA

Lucknow Crime News: लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या के बाद सनसनी फैल गई. आरोप है कि दिव्या की हत्या उनके पति मानस बाजपाई ने की. इसके बाद मानस ने अपनी बहन की भी हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मारकर जान दे दी. इस तिहरे हत्याकांड के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें...

पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं दिव्या

सामने आई जानकारी के मुताबिक, दिव्या मिश्रा पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं. प्रज्ञा अपना यूट्यूब चैनल चलाती हैं. बहन को गोली मारे जाने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने फेसबुक पर एक पोस्ट भी किया था.

प्रज्ञा मिश्रा ने पोस्ट में लिखा था, "अभी अभी फोन आया गोमतीनगर में मेरी बहन को गोली मार दी गई है....लोहिया में है ईश्वर मेरी बहन की रक्षा करे..." इसके साथ उन्होंने यूपी पुलिस, लखनऊ पुलिस और डीजीपी को भी टैग किया था.

पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद

दिव्या मिश्रा आलमबाग के सिंगारनगर की रहने वाली थीं. जानकारी के अनुसार, उनका अपने पति मानस के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. यह मामला फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन था.

बताया गया कि घटना वाले दिन मानस टेम्पो से गोमतीनगर पहुंचा था. उसने दिव्या से कुछ देर बातचीत की. इसी दौरान उसने अचानक पिस्टल निकाल ली और दिव्या पर दो गोलियां चला दीं. गोली लगने के बाद दिव्या लहूलुहान होकर गिर पड़ीं.

पत्नी की हत्या के बाद मानस ने लगाया WhatsApp स्टेटस

दिव्या की हत्या के बाद मानस ने कथित तौर पर WhatsApp पर एक स्टेटस लगाया था. इसमें उसने लिखा था कि उसने अपनी पत्नी की हत्या की है, क्योंकि उसने उसके साथ चीटिंग की थी. स्टेटस में उसने अपनी बहन और खुद की जान लेने की बात भी लिखी थी. उसने दिव्या की बहन प्रज्ञा और भरत के बारे में भी लिखा था.

बहन की हत्या के बाद खुद को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, दिव्या की हत्या के कुछ समय बाद मानस ने अपनी बहन की भी हत्या कर दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. पुलिस ने उसके फोन पर लगाए गए WhatsApp स्टेटस को भी मामले से जुड़े अहम साक्ष्य के तौर पर देखा है.

पुलिस को घर से मिले तीन हथियार

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा के मुताबिक, गोमतीनगर थाना क्षेत्र में महिला को गोली मारे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी. जांच में पता चला कि महिला को उसके पति ने गोली मारी थी. इसके बाद एक व्यक्ति द्वारा अपनी बहन की हत्या करने और खुद को गोली मारने की सूचना मिली.

पुलिस ने पुष्टि की कि दोनों घटनाओं को अंजाम देने वाला व्यक्ति वही था. पुलिस ने उसके घर से तीन हथियार भी बरामद किए हैं. मामले की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन को जिसने मारी गोली उसी के नाम का टैटू था दिव्या के हाथ पर, फोटो में क्या दिखा?