Divya Mishra Death News: लखनऊ के गोमतीनगर में ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या के बाद उनके पति मानस ने अपनी बहन की भी जान ले ली. इसके बाद मानस ने खुद की भी जान ले ली. इस वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है.
ADVERTISEMENT
इस मामले में एक नया एंगल सामने आया है, जिसके बारे में जानकारी पड़ोसियों ने दी है. पड़ोसी अंकुर के मुताबिक, घटना के बाद जब दरवाजा तोड़कर लोग घर के अंदर पहुंचे तो वहां टीवी पर हनुमान चालीसा चल रही थी और कमरे में दो लोग मृत पड़े थे.
स्टेटस देखकर पड़ोसियों को हुआ शक
पड़ोसी अंकुर ने बताया कि घटना से पहले मानस ने वॉट्सऐप पर एक स्टेटस लगाया था. इसमें उसने लिखा था कि वह आत्महत्या करने वाला है और उसकी पत्नी उसे चीट कर रही है.
स्टेटस देखने के बाद पड़ोसियों ने मानस को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद उन्हें शक हुआ और कुछ लोग उसके घर पहुंचे. अंकुर के मुताबिक, दरवाजा अंदर से बंद था. काफी कोशिश के बाद पड़ोसियों ने मिलकर दरवाजा तोड़ा और अंदर पहुंचे. वहां का मंजर देखकर सभी हैरान रह गए.
टीवी पर चल रही थी हनुमान चालीसा
अंकुर ने बताया कि घर के अंदर जाने पर मानस और उसकी बहन दोनों मृत पड़े थे. वहीं कमरे में टीवी चल रहा था और उस पर हनुमान चालीसा बज रही थी. घटना के बाद ये बात भी सामने आई कि मानस की पत्नी दिव्या से वह अलग रह रहा था. दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था और मामला फैमिली कोर्ट में भी विचाराधीन बताया जा रहा है.
बहन के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर भी जानकारी
पड़ोसी ने बताया कि मानस की बहन का लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य को लेकर इलाज चल रहा था. परिवार में भाई-बहन और मानस की पत्नी दिव्या थीं.
हत्या के बाद पसीने में घर पहुंचा था मानस
इस मामले में पड़ोसी लवकुश ने भी घटना से जुड़ी अहम जानकारी दी. उनके मुताबिक, हत्या के बाद जब मानस घर पहुंचा तो पसीने से लथपथ था. लवकुश ने बताया कि उसने मानस से पूछा कि क्या हुआ, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया और घर के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया.
बैंक के बाहर दिव्या को मारी थी गोली
मानस टेंपो से गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक के बाहर पहुंचा था. यहां उसकी पत्नी दिव्या मिश्रा से कुछ देर बातचीत हुई. इसी दौरान उसने पिस्टल निकालकर दिव्या पर गोली चला दी.
गंभीर रूप से घायल दिव्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस को मानस और उसकी बहन के भी मृत मिलने की सूचना मिली. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











