लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में ICICI बैंक के बाहर दिनदहाड़े हुई दिव्या मिश्रा की हत्या के मामले में कई चौंकाने वाले अपडेट सामने आ रहे हैं. मृतका दिव्या मिश्रा कोई और नहीं बल्कि पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की सगी बहन थीं. इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला कोई पेशेवर अपराधी नहीं बल्कि खुद दिव्या का पति मानस बाजपेई था. पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद उसने व्हाट्सएप स्टेटस पर कत्ल की वजह लिखी अपनी बीमार बहन को गोली मारी और फिर खुद को भी खत्म कर लिया.
ADVERTISEMENT
लखनऊ के इस खौफनाक तिहरे हत्याकांड के बाद हर तरफ एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर मानस बाजपेई कौन था और उसने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम क्यों दिया?
बैंक कर्मी था आरोपी मानस बाजपेई
आरोपी मानस बाजपेई खुद भी एक बैंक कर्मचारी था. वह भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में सीनियर असिस्टेंट के पद पर कार्यरत था. मानस के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और उसके परिवार में उसकी एक बीमार बहन थी जिसकी देखभाल वही करता था.
एक साल से चल रहा था पारिवारिक विवाद
आलमबाग के सिंगारनगर की रहने वाली दिव्या मिश्रा ICICI बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर थी. दिव्या और मानस के बीच पिछले काफी समय से अनबन चल रही थी. विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों पिछले एक साल से अलग रह रहे थे और मामला फैमिली कोर्ट में विचाराधीन था.
व्हाट्सएप स्टेटस में लिखा
वारदात को अंजाम देने के बाद मानस ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अंग्रेजी में एक दिल दहला देने वाला मैसेज लिखा.उसने लिखा 'Today I killed my wife as she cheated on me...' (आज मैंने अपनी पत्नी को मार दिया क्योंकि उसने मुझे धोखा दिया). स्टेटस में उसने आगे लिखा कि वह खुद को और अपनी बहन को भी मार रहा है. साथ ही इसमें पत्रकार प्रज्ञा और उनके पति भरत का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्हें सब कुछ पता था.
टेंपो से आया, बात की और दागीं गोलियां
घटना वाले दिन मानस टेंपो में सवार होकर गोमतीनगर स्थित ICICI बैंक के बाहर पहुंचा. उसने दिव्या को बाहर बुलाया और कुछ देर दोनों के बीच बातचीत हुई.इसी दौरान मानस ने अचानक पिस्टल निकाली और दिव्या पर दो गोलियां चला दीं.दिव्या के लहूलुहान होकर गिरते ही वह मौके से भाग निकला. फिर उसने घर जाकर अपनी बीमार बहन को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मारकर जान दे दी.
पुलिस की जांच जारी
सूचना मिलते ही गोमतीनगर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. लहूलुहान दिव्या को आनन-फानन में लोहिया अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद और कड़वाहट से जुड़ा लग रहा है जिसकी हर पहलू से जांच की जा रही है.
ADVERTISEMENT











