प्रज्ञा मिश्रा की बहन की मौत पर आ गया पुलिस का रिएक्शन, ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने बताई ये बात

यूपी तक

• 07:27 PM • 20 Aug 2026

लखनऊ के गोमतीनगर में पत्नी दिव्या मिश्रा और बहन की हत्या के बाद एक व्यक्ति ने खुदकुशी कर ली. पुलिस के मुताबिक, वारदात में अवैध हथियार का इस्तेमाल हुआ. आरोपी के वॉट्सऐप स्टेटस और घटनास्थल से मिले सबूतों की जांच की जा रही है.

UP Tak
Google CTA

Divya Mishra Death Case: लखनऊ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी और अपनी बहन की भी हत्या कर दी. इसके बाद उसने खुदकुशी कर ली. पुलिस के मुताबिक, तीनों को अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी मौत होने की बात सामने आई है.

यह भी पढ़ें...

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू कर दी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घटना से पहले वॉट्सऐप स्टेटस पर एक मैसेज भी पोस्ट किया था. पुलिस अब इसी मैसेज समेत हर सबूत की जांच कर रही है.

अवैध हथियार से की गई फायरिंग

लखनऊ के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) बबलू कुमार ने बताया कि यह बेहद दुखद घटना है. उनके मुताबिक, व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी, फिर अपनी बहन की हत्या की और इसके बाद खुदकुशी कर ली.

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं. अधिकारी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर इस घटना के पीछे क्या वजह थी और किस बात ने इसे ट्रिगर किया.

पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार अवैध असलहा था, जिसे फील्ड यूनिट ने कब्जे में ले लिया है.

वॉट्सऐप स्टेटस में क्या लिखा था?

इस मामले में आरोपी का वॉट्सऐप स्टेटस पुलिस की जांच का अहम हिस्सा बन गया है. ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने बताया कि आरोपी ने वॉट्सऐप पर एक मैसेज पोस्ट किया था.

पुलिस अब इस मैसेज की जांच कर रही है. साथ ही घर और घटनास्थल से मिले दूसरे सबूतों को भी देखा जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर होगी.

घर के हर कमरे की तलाशी

पुलिस जांच कर रही है कि घटना में कितने हथियार इस्तेमाल हुए थे. एक प्रत्यक्षदर्शी की ओर से दो हथियार होने की बात कही गई थी, लेकिन पुलिस ने फिलहाल इस बारे में कोई अंतिम जानकारी नहीं दी है.

बबलू कुमार ने कहा कि पुलिस की टीम घर के हर कमरे की गहन तलाशी ले रही है. जांच के दौरान जो भी अवैध सामान या अन्य सबूत मिलेंगे, उन्हें जब्त किया जाएगा. इसके अलावा CCTV फुटेज भी खंगाली जाएगी.

SBI में काम करता था आरोपी

पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी SBI में काम करता था. हालांकि, उसकी नौकरी और पद से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी जुटाई जा रही है.

फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस इस बात पर है कि आखिर घटना के पीछे वजह क्या थी. क्या कोई पारिवारिक विवाद था, कोई तनाव था या फिर कोई दूसरी बात इस पूरी घटना की वजह बनी. इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे.

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर बबलू कुमार ने कहा कि पुलिस सभी सबूतों को जुटा रही है और जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें - हनुमान चालीसा चल रही थी... पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन को मारने के बाद हत्यारे ने अपने घर आकर क्या किया?