'जबरन शादी करना चाहती थी श्रद्धा', शिवा की मां के दावों ने चौंकाया, बताया- डायरी में लिखा है सबकुछ

आशीष श्रीवास्तव

• 06:46 PM • 13 Oct 2026

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में उनकी मां ने आजतक से बातचीत में कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि शिवा पिछले चार-पांच महीनों से परेशान था और अपनी जिंदगी में हुई घटनाओं को डायरी में लिखता था.

UPTak
Google CTA

Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में उनकी मां ने कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका दावा है कि शिवा पिछले चार-पांच महीनों से परेशान था और अपनी रोज की जिंदगी में हो रही घटनाओं को डायरी में लिखता था. 

यह भी पढ़ें...

मां के मुताबिक, उस डायरी में प्रताड़ना से जुड़ी बातें दर्ज हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि श्रद्धा दुबे शिवा से शादी करना चाहती थी, लेकिन वह अपने परिवार को इस रिश्ते में शामिल नहीं करना चाहती थी. शिवा उससे दूर होकर सिर्फ दोस्त बनकर रहना चाहता था, मगर श्रद्धा उसे छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी.

आजतक से बातचीत में शिवा की मां ने बताया कि उन्होंने घटना से करीब 15 से 20 दिन पहले हनुमान मंदिर में श्रद्धा से मुलाकात की थी. उस दौरान उन्होंने श्रद्धा को अपने माता-पिता को जानकारी देकर शादी करने की सलाह दी थी. मां का दावा है कि इसके बाद शिवा के प्रति श्रद्धा का व्यवहार और खराब हो गया. 

शिवा की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में हस्तक्षेप करने और जल्द न्याय दिलाने की अपील की है.

कैसे मिली शिवा की मौत की खबर?

शिवा की मां ने बताया कि 9 तारीख को रात करीब 8:40 बजे श्रद्धा दुबे की बहन का फोन आया था. उन्हें बताया गया कि शिवा बालकनी से गिर गया है और उसे थोड़ी चोट लगी है. फोन करने वाली ने कहा कि वे उसे रामनया अस्पताल ले जा रहे हैं.

मां के मुताबिक, जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां शिवा भर्ती नहीं था. इसके बाद उन्होंने दोबारा फोन किया. उन्हें ड्राइवर का नंबर दिया गया और बताया गया कि शिवा को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है.

मां ने बताया कि मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर वहां शिवा का ड्राइवर दानिश मिला. उनके मुताबिक, दानिश ने खुद को ड्राइवर बताते हुए वहां से जाने की बात कही और फिर वह चला गया. इसके बाद परिवार को शिवा की मौत की जानकारी मिली.

'मैंने कहा था, माता-पिता को बताकर शादी कर लीजिए'

शिवा की मां ने बताया कि हनुमान मंदिर में मुलाकात के दौरान उन्होंने श्रद्धा से कहा था कि अगर वह शिवा से प्यार करती है तो अपने माता-पिता को इसकी जानकारी देकर शादी कर ले.

मां के अनुसार, श्रद्धा ने जवाब दिया कि इस मामले में माता-पिता को शामिल करने की जरूरत नहीं है. इस पर उन्होंने कहा कि जब शिवा के माता-पिता इस रिश्ते के बारे में जानते हैं तो श्रद्धा को भी अपने परिवार को जानकारी देनी चाहिए.

मां ने बताया कि बाद में उन्होंने श्रद्धा से फिर पूछा था कि क्या उसने अपनी मां को इस बारे में बताया है. इस पर श्रद्धा ने अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कही और कहा कि वह बाद में बात करेगी.

शिवा की मां का आरोप है कि इसके बाद श्रद्धा का व्यवहार शिवा के प्रति और सख्त हो गया था. हालांकि, इस बातचीत और व्यवहार को लेकर श्रद्धा का पक्ष अभी सामने नहीं आया है.

'शिवा सिर्फ दोस्त बनकर रहना चाहता था'

शिवा की मां ने दावा किया कि उनका बेटा श्रद्धा के व्यवहार से परेशान था और उससे दूर होना चाहता था. वह रिश्ता खत्म करके सिर्फ दोस्त बनकर रहना चाहता था, लेकिन श्रद्धा इसके लिए तैयार नहीं थी.

मां के मुताबिक, शिवा को नियंत्रित करने की कोशिश की जाती थी और उसे धमकियां भी दी जाती थीं. उन्होंने कहा कि शिवा के शरीर पर कई बार चोट के निशान दिखाई देते थे. पूछने पर वह चोट लगने या गिर जाने की बात कहकर टाल देता था. दावा किया कि उसके शरीर पर सिगरेट से जलाने के निशान थे.

शिवा की डायरी में क्या लिखा है?

इस मामले में शिवा की डायरी को मां ने अहम बताया है. उन्होंने कहा कि शिवा रोज अपनी जिंदगी में होने वाली घटनाओं और दिनभर की बातों को डायरी में लिखता था. मां के अनुसार, डायरी में पिछले चार-पांच महीनों के दौरान उसके साथ हुई घटनाओं का जिक्र है. उनका दावा है कि शिवा ने इसमें प्रताड़ना से जुड़ी बातें भी लिखी हैं.

उन्होंने कहा कि शिवा उस स्थिति से बाहर निकलना चाहता था. मां ने बताया कि शिवा ने श्रद्धा से कभी-कभी केवल दोस्त बनकर रहने की गुजारिश की थी. हालांकि, डायरी में क्या-क्या दर्ज है और उसमें लिखी बातों की पुष्टि दूसरे सबूतों से होती है या नहीं, इस बारे में पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है.

पहाड़ों पर होटल और कपड़ों का शोरूम खोलना चाहती थी श्रद्धा?

शिवा की मां ने बातचीत में कारोबार से जुड़ी एक बात भी बताई. उनके मुताबिक, श्रद्धा पहाड़ों पर रेस्टोरेंट और कपड़ों का शोरूम खोलना चाहती थी. इस बारे में उसने हनुमान मंदिर में मुलाकात के दौरान भी बात की थी.

मां ने बताया कि श्रद्धा ने कारोबार शुरू करने की इच्छा जताई तो उन्होंने दोनों को मिलकर काम करने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था कि उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है और वह सहयोग करेंगी.

हालांकि, मां का दावा है कि शिवा की पहाड़ों पर कारोबार करने में दिलचस्पी नहीं थी. उनके मुताबिक, इसी बात को लेकर शिवा पर दबाव बढ़ने लगा था. पैसों को लेकर पूछे जाने पर मां ने कहा कि उन्हें सीधे तौर पर लेन-देन की पूरी जानकारी नहीं है. 

शरीर पर चोट और जलने के निशान होने का दावा

शिवा की मां ने बताया कि जब उन्होंने अपने बेटे का शव देखा तो उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे, केवल अंडरगारमेंट था. उन्होंने शरीर पर लिपस्टिक के निशान, चोट के निशान और सिगरेट से जलाए जाने के निशान होने का भी दावा किया.

इससे पहले सामने आई जानकारी में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शिवा के शरीर पर 10 एंटीमॉर्टम चोटें मिलने की बात कही गई थी. एंटीमॉर्टम चोटों का अर्थ है कि वे मौत से पहले लगी थीं. हालांकि, इन चोटों की वजह और उनका मौत से संबंध क्या है, इसका निष्कर्ष पूरी जांच के बाद ही निकाला जा सकता है.

'श्रद्धा के साथ तीन-चार लोग शामिल हो सकते हैं'

शिवा की मां ने आशंका जताई कि इस मामले में श्रद्धा के अलावा तीन से चार लोग शामिल हो सकते हैं. उन्होंने बताया कि दो लोगों के नाम पुलिस को दिए गए हैं, जबकि कुछ अन्य लोगों के बारे में अज्ञात के तौर पर शिकायत में जिक्र किया गया है.

मां का मानना है कि कुछ लोगों का मकसद पैसे वसूलना हो सकता है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें सभी संदिग्धों के नाम और उनकी भूमिका की पूरी जानकारी नहीं है.

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की कि इस मामले में उचित न्याय दिलाया जाए और श्रद्धा दुबे को जल्द गिरफ्तार किया जाए. मां ने कहा कि उन्हें पुलिस पर भरोसा है और उम्मीद है कि जल्द कार्रवाई होगी.