Shiva Sharma Death Case: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में शुक्रवार को 27 साल के कैफे संचालक शिवा शर्मा की चौथी मंजिल से गिरकर मौत हुई थी. शिवा का शव अर्धनग्न हालत में मिला था और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान भी थे. अब इस मामले में एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, शिवा कभी 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश रह चुका था. गोमती नगर के एक क्लब में हुई फायरिंग के मामले में यूपी एसटीएफ ने उसे बिहार के पटना से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था. शिवा के इसी आपराधिक रिकॉर्ड का फायदा उठाकर उसकी लिव-इन पार्टनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर श्रद्धा दुबे उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी. परिजनों का आरोप है कि शिवा की मौत कोई साधारण हादसा नहीं है, बल्कि यह एक सोची-समझी साजिश है.
ADVERTISEMENT
50 हजार का इनामी बदमाश था शिवा
शिवा का पुराना आपराधिक इतिहास था, जिसके चलते वह जेल भी जा चुका था. जानकारी के मुताबिक, 30 अगस्त को गोमती नगर के एक क्लब में फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें शिवा नामजद आरोपी था. इसके बाद यूपी एसटीएफ ने शिवा के ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था और फिर उसे बिहार के पटना से गिरफ्तार कर जेल भेजा था. जेल से छूटने के बाद वह दोबारा जेल नहीं जाना चाहता था. इतनी ही नहीं, वह जेल जाने के नाम से बहुत ज्यादा डरता भी था.
रसूख का डर दिखाकर करती ब्लैकमेल
परिजनों का आरोप है कि उसकी लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे इसी डर का फायदा उठाती थी. वह पावर कॉरिडोर में अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाकर शिवा को ब्लैकमेल करती थी और उसे मानसिक रूप से टॉर्चर करती थी. शिवा ने इसके बारे में कई बार अपने कुछ दोस्तों से बातचीत भी की था. मां ने पुलिस को दोनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट के सबूत भी सौंपे हैं.
शव की हालत देख सन्न रह गए
शुक्रवार को शिवा की जब मौत हुई तो घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया, जब शिवा चौथी मंजिल से नीचे गिरा, तब वह अर्धनग्न अवस्था में था. उसने शरीर पर सिर्फ अंडरवियर पहना हुआ था और उसके चेहरे पर लिपस्टिक लगई हुई थी. शव की भयानक हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया था. मृत युवक के शरीर पर कई जगह सिगरेट से दागे जाने के गहरे निशान भी मिले हैं.
क्लब में हुई थी दोनों की मुलाकात
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि शिवा और श्रद्धा की पहली मुलाकात गोमती नगर के एक क्लब में कुछ कॉमन दोस्तों के जरिए हुई थी. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों किसान बाजार स्थित कैफे में अक्सर मिलने लगे थे. इसके बाद वे दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में एक साथ रहने लगे. घटना से दो दिन पहले ही शिवा अपनी बीएमडब्ल्यू कार लेकर घर से निकला था और उसी अपार्टमेंट में था जहां यह वारदात हुई थी.
गर्लफ्रेंड समेत 5 पर मुकदमा दर्ज
इस घटना के बाद से मृतक शिवा की मां रंजना शर्मा का रो-रोकर बुरा हाल है. बिलखते हुए मां ने कहा है कि वे रोज उसकी बेबसी देखती थीं, लेकिन अपने बेटे को बचा नहीं सकीं. उनके बच्चे को बहुत ज्यादा प्रताड़ित किया जाता था. मां की तहरीर पर हजरतगंज पुलिस ने गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, आदिल और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस की टीमें हर एंगल से मामले की जांच कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: कौन है मॉडल गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे जिसपर अपने करोड़पति बॉयफ्रेंड शिवा शर्मा की हत्या का लगा आरोप?
ADVERTISEMENT











