Lucknow Shiva Sharma Death Case: लखनऊ में शिवा शर्मा डेथ केस की जांच तेज हो गई है. पुलिस ने रविवार को श्रद्धा दुबे के 2 से 3 करीबियों से पूछताछ शुरू की है. वहीं, श्रद्धा की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली में लगातार दबिश दे रही हैं. जांच के दौरान अवध ग्रीन अपार्टमेंट और अस्पताल के अहम सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं. इनमें श्रद्धा अपनी बहन, ड्राइवर और कुछ अन्य संदिग्धों के साथ दिखाई दे रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस केस से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब मिल सकते हैं. पुलिस की जांच अब श्रद्धा की निजी जिंदगी, उसके संपर्कों और शिवा शर्मा से जुड़े पुराने विवादों पर भी केंद्रित है.
ADVERTISEMENT
बहन और ड्राइवर के साथ दिखी श्रद्धा
पुलिस को मिले सीसीटीवी फुटेज इस मामले की जांच में अहम कड़ी माने जा रहे हैं. अवध ग्रीन अपार्टमेंट और अस्पताल के फुटेज में श्रद्धा के साथ उसकी बहन, ड्राइवर और कुछ अन्य संदिग्ध नजर आ रहे हैं. इन लोगों की भूमिका को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है. दूसरी ओर, श्रद्धा की तलाश में लखनऊ पुलिस की टीमें दिल्ली में दबिश दे रही हैं. अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकती है. फिलहाल पुलिस अलग-अलग पहलुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ा रही है.
मॉडलिंग में भी बनाई पहचान
जांच में श्रद्धा दुबे की निजी जिंदगी से जुड़ी जानकारियां भी सामने आई हैं. पुलिस के मुताबिक श्रद्धा की शादी हुई थी और उसका एक बेटा भी है. साल 2022 में पति से तलाक के बाद वह अलग रहने लगी थी. उसका पूर्व पति और बेटा रायबरेली में रहते हैं और श्रद्धा का उनसे ज्यादा संपर्क नहीं था. वह लखनऊ के हजरतगंज स्थित बालू अड्डा इलाके के एक फ्लैट में अकेले रहती थी, जहां कुछ खास लोगों का आना-जाना था. श्रद्धा ने पिछले साल एक ब्लैक स्कॉर्पियो भी खरीदी थी और सोशल मीडिया पर इसका शो-ऑफ किया था. एमए और पीजीडीसीए की पढ़ाई करने वाली श्रद्धा ने हैदराबाद से मॉडलिंग और फैशन ब्लॉगिंग की दुनिया में कदम रखा था. उसने लखनऊ में 'इंडिया ग्लैमरस रनवे वीक' आयोजित कराया और दिल्ली के यू एंड आई इंटरनेशनल फेस ऑफ फैशन वीक में शो टॉपर का खिताब जीता. उसे बेस्ट फेस ऑफ लखनऊ अवॉर्ड मिला था. वह जी म्यूजिक के एल्बम 'तुझमें है बारिश' में भी नजर आ चुकी थी.
पुराना मामला भी जांच के दायरे में
इस केस की जांच में शिवा शर्मा से जुड़े पुराने विवाद का पहलू भी सामने आया है. 12 अगस्त 2025 को विभूतिखंड के अबोंगजा कैफे में शिवा से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने, मारपीट करने और पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज हुआ था. शिवा की मां ने हिस्ट्रीशीटर ऋषभ राय और उसके साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी. पुलिस अब पुराने विवाद और मौजूदा केस के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है. इस मामले पर एसीपी का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है. जांच पूरी होने और पुलिस की आगे की कार्रवाई के बाद ही केस से जुड़े सभी तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
यह भी पढे़ं- कौन है मॉडल गर्लफ्रेंड श्रद्धा दुबे जिसपर अपने करोड़पति बॉयफ्रेंड शिवा शर्मा की हत्या का लगा आरोप?
ADVERTISEMENT











