Saharanpur News: थाना सरसावा क्षेत्र में गुरुवार रात यमुना नदी किनारे एक दर्दनाक हादसे में दो ठेकेदारों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा मंधोर के पास पोभारी के जंगल में उस समय हुआ, जब हरियाणा सरकार की ओर से यमुना के कटाव को रोकने के लिए चल रहे पेचिंग कार्य का निरीक्षण किया जा रहा था.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे सरसावा के अलीपुरा निवासी 65 वर्षीय कंवरपाल, हरियाणा निवासी 35 वर्षीय फैजान और एक अन्य ठेकेदार कार में बैठकर कार्यस्थल का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान पत्थरों के जिस ढेर (ढैग) पर कार खड़ी थी, वह अचानक धंस गया और कार सीधे यमुना नदी में जा गिरी.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर आसपास मौजूद मजदूर और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को बाहर निकाला.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा और शाहजहांपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह तोमर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. तीनों घायलों को एंबुलेंस से पीजीआई पिलखनी भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने कंवरपाल और फैजान को मृत घोषित कर दिया. तीसरे घायल का उपचार जारी है.
बताया गया कि कंवरपाल अपने भतीजे लोकेश के साथ मौके पर पहुंचे थे. लोकेश पत्थर-बजरी के कारोबार से जुड़ा है और यमुना किनारे चल रहे पेचिंग कार्य में कार्यरत है. हादसे के बाद मृतकों के परिजन बिना किसी पुलिस कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए.
लगातार हो रही बारिश के बीच हुए इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT











