Saharanpur Kanwar Yatra : कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर हाई अलर्ट, 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों और 24×7 मॉनिटरिंग से होगी सुरक्षा

Newzo

• 03:23 PM • 09 Jul 2026

Saharanpur Kanwar Yatra 2026:श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर में सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व होगी. कांवड़ मार्गों पर 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे, 24×7 कंट्रोल रूम, ट्रैफिक डायवर्जन, मोबाइल पुलिस टीमें और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की व्यवस्था रहेगी. प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराना है.

 कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर हाई अलर्ट, 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों और 24×7 मॉनिटरिंग से होगी सुरक्षा

कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर हाई अलर्ट, 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों और 24×7 मॉनिटरिंग से होगी सुरक्षा

Google CTA

Saharanpur Kanwar Yatra 2026: श्रावण मास की शुरुआत और 21 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर सहारनपुर पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू कर दी है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अभिनंदन ने बताया कि बड़ी संख्या में शिवभक्त विभिन्न राज्यों से सहारनपुर होकर गुजरेंगे और जिले के प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे. इसे देखते हुए कांवड़ मार्गों की मैपिंग कर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है.

यह भी पढ़ें...

एसएसपी ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन, सेक्टर एवं जोन व्यवस्था, अस्थायी पुलिस चौकियों और 24 घंटे मोबाइल पुलिस टीमों की तैनाती की जाएगी. इसके अलावा पड़ोसी जिलों और राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त कार्ययोजना पर भी काम किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे.उन्होंने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा. इस मार्ग का उपयोग केवल सामान्य वाहनों के लिए किया जाएगा, जिससे अन्य यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े.

प्रमुख शिवालयों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की गई है. इस वर्ष करीब 250 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं, जिनकी निगरानी के लिए एक आधुनिक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा. यहां से पूरे कांवड़ मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी.

एसएसपी अभिनंदन ने स्पष्ट किया कि डीजे की आवाज 75 डेसीबल से अधिक नहीं होने दी जाएगी. वहीं 12 फीट से अधिक ऊंची झांकियों और डीजे संरचनाओं को अनुमति नहीं दी जाएगी. स्टंटबाजी, संशोधित साइलेंसर वाली बाइकों और कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाएगी, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जा सके.

पुलिस प्रशासन ने बताया कि कांवड़ सेवा शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है. प्रशासन का लक्ष्य इस वर्ष कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पूर्णतः घटना-मुक्त संपन्न कराना है.