Saharanpur News: सहारनपुर लगातार कई दिनों से हो रही बारिश ने सहारनपुर का जनजीवन प्रभावित कर दिया है. एक ओर तापमान में गिरावट आने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव, उफनती नदियां और कच्चे मकानों के गिरने जैसी घटनाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
ADVERTISEMENT
जिले के कई छोटे-बड़े नाले और बरसाती नदियां उफान पर हैं. नगर निगम की टीमें लगातार जल निकासी और सफाई कार्य में जुटी हुई हैं. रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत ढह गई. हालांकि समय रहते परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया. लगातार हो रही बारिश और जलभराव को देखते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है. यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.
मिर्जापुर थाना क्षेत्र स्थित मां शाकुंभरी देवी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ जैसे हालात से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. वहीं खुवासपुर नदी में तेज बहाव के दौरान एक बाइक पानी में बह गई, जिसे ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बाहर निकाला. विकासखंड मुजफ्फराबाद के गांव हुसैनपुर नवादा में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से गलियां तालाब में तब्दील हो गई हैं. स्कूली बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है. ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है.
शिवालिक की पहाड़ियों और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते बरसाती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, प्रशासन लोगों से सतर्क रहने और उफनती नदियों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है.
ADVERTISEMENT











