Saharanpur Weather Update today: सहारनपुर में लगातार बारिश के बाद बढ़ा बाढ़ का खतरा, हिंडन-पांवधोई नदियां उफान पर, यमुना तटीय इलाकों में हाई अलर्ट

Newzo

• 10:56 AM • 11 Jul 2026

Saharanpur today Rain Alert: सहारनपुर में लगातार बारिश के बाद हिंडन और पांवधोई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा गहरा गया है. हथनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने के बाद तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी किया गया है. प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

सहारनपुर में लगातार बारिश के बाद बढ़ा बाढ़ का खतरा, हिंडन-पांवधोई नदियां उफान पर, यमुना तटीय इलाकों में हाई अलर्ट

सहारनपुर में लगातार बारिश के बाद बढ़ा बाढ़ का खतरा, हिंडन-पांवधोई नदियां उफान पर, यमुना तटीय इलाकों में हाई अलर्ट

Google CTA

Saharanpur News: पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे जनपद का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. एक ओर बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही वर्षा से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव, कच्चे मकानों के गिरने, पेड़ धराशायी होने और सड़कों पर पानी भरने जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं. 

यह भी पढ़ें...

आज बारिश नहीं हुई, लेकिन अभी आसमान में बादल छाए है और मौसम ठंडा बन रहा है. लगातार बारिश के चलते जिले की प्रमुख नदियों हिंडन और पांवधोई का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. कई स्थानों पर नदी किनारे रहने वाले लोगों में चिंता का माहौल है. शहर के निचले इलाकों और कई मोहल्लों में जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. 

ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है, जबकि अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं. हालांकि प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है. नगर निगम ने जलभराव वाले इलाकों में जल निकासी के लिए टीमें तैनात कर दी हैं. नगर निगम के कर्मचारी पंपिंग सेट और अन्य संसाधनों के माध्यम से पानी निकालने का कार्य कर रहे हैं, ताकि लोगों को राहत मिल सके. 

मौसम वेधशाला प्रभारी अमीर आलम के अनुसार, जिले में अब तक 86 मिमी वर्षा दर्ज की गई है. उन्होंने बताया कि रविवार और सोमवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन मंगलवार से एक बार फिर बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है. उनका कहना है कि जुलाई माह में सामान्य से अच्छी बारिश होने की संभावना बनी हुई है. 

उधर, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखाई देने लगा है. हथनीकुंड बैराज में पानी की आवक बढ़ने के बाद हजारों क्यूसेक पानी यमुना नदी में छोड़ा गया है. इसके बाद प्रशासन, सिंचाई विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गए हैं. यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिसके चलते नदी किनारे बसे गांवों और निचले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है. 

प्रशासन ने यमुना तटीय क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी करते हुए लोगों से नदी के पास न जाने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. लगातार हो रही बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. यदि अगले सप्ताह फिर से भारी बारिश होती है, तो नदियों का जलस्तर और बढ़ सकता है. ऐसे में प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.