Saharanpur News: कांग्रेस प्रवक्ता का CM पर बयान, बोलीं- मुख्यमंत्री योगी पहले ही कर्मचारियों को दोषी ठहराकर मामले को हल्का कर रहे हैं

Newzo

• 03:22 PM • 11 Jul 2026

Saharanpur Politics News: सहारनपुर में कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुमा आचार्य ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने निष्पक्ष जांच, पूरी एसआईटी रिपोर्ट सार्वजनिक करने और दोषी पाए जाने पर किसी भी स्तर के जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

कांग्रेस प्रवक्ता का CM पर बयान, बोलीं- मुख्यमंत्री योगी पहले ही कर्मचारियों को दोषी ठहराकर मामले को हल्का कर रहे हैं

कांग्रेस प्रवक्ता का CM पर बयान, बोलीं- मुख्यमंत्री योगी पहले ही कर्मचारियों को दोषी ठहराकर मामले को हल्का कर रहे हैं

Google CTA

Saharanpur News: सहारनपुर पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर प्रेस वार्ता कर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो रही है और बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है. साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया बयानों पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है.

यह भी पढ़ें...

प्रेस वार्ता के दौरान अनुमा आचार्य ने कहा कि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन और आभूषणों से जुड़ा मामला बेहद गंभीर है. उनका कहना था कि केवल कुछ कर्मचारियों पर कार्रवाई कर मामले को खत्म करने की कोशिश की जा रही है, जबकि ट्रस्ट से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.

ट्रस्ट पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी सिटिंग जज की अध्यक्षता में कराई जाए ताकि सच्चाई देश के सामने आ सके. साथ ही उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग कर उसमें धर्माचार्यों, ईमानदार प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों को शामिल करने की मांग की. उन्होंने ट्रस्ट से जुड़े कुछ पदाधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई.

योगी आदित्यनाथ का बयान देना उचित नहीं

अनुमा आचार्य ने कहा कि एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सार्वजनिक होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बयान देना उचित नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पहले ही कर्मचारियों को दोषी बताकर पूरे मामले को हल्का करने का प्रयास कर रहे हैं. उनका कहना था कि एसआईटी की पूरी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि जनता को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके.

दोषी चाहे कितना भी बड़ा हो कार्रवाई होनी चाहिए

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें एसआईटी की जांच पूरी होने तक सार्वजनिक बयान देने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा कि सरकार को निष्पक्ष जांच होने देनी चाहिए और दोषी चाहे कितना भी बड़ा हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

मीडिया की भूमिका पर भी सवाल

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ ऐसे मामलों को उसी गंभीरता से उठाए, जैसी पहले उठाई जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं मिल रही है.

कांग्रेस सभी धर्मों का करती है सम्मान 

धार्मिक मुद्दों पर पूछे गए सवाल के जवाब में अनुमा आचार्य ने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मानव धर्म और संविधान के मूल्यों पर आधारित है. भगवान श्रीराम सभी के थे और कांग्रेस भी सभी नागरिकों को समान दृष्टि से देखती है.

भाजपा सरकार कई मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं करती

उन्होंने कानून व्यवस्था और आतंकवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस सरकारों का पक्ष रखते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवाद के मामलों में कार्रवाई हुई और दोषियों को सजा दिलाई गई. उन्होंने भाजपा सरकार पर कई मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया.

कांग्रेस देशभर में इस मुद्दे को उठाएगी

राम मंदिर चढ़ावा मामले का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यदि जांच में बड़े स्तर की वित्तीय अनियमितता सामने आती है तो कांग्रेस देशभर में इस मुद्दे को उठाएगी और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी. प्रेस वार्ता के दौरान अनुमा आचार्य ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुछ बयानों पर भी कड़ी टिप्पणी की और कहा कि सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर निष्पक्ष जांच पर ध्यान देना चाहिए.

कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता ने अंत में कहा कि भगवान राम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई एक-एक पाई की जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषी चाहे किसी भी पद पर हो, उसे कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए.