Saharanpur News: जनपद के नागल थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में सोमवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में जर्जर मकान की छत गिरने से 23 वर्षीय दिव्यांग युवती की मौत हो गई. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी ओमवीर की पुत्री ज्योति (23) दोनों पैरों से दिव्यांग थीं. रविवार रात वह अपने घर के बरामदे में सो रही थीं. सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे मकान के जर्जर लेंटर का एक हिस्सा अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा. तेज धमाके की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा मलबा हटाकर गंभीर रूप से घायल ज्योति को बाहर निकाला.
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नागल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया. युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक का माहौल फैल गया.
घटना की सूचना पर तहसीलदार पुष्पांकर देव राजस्व टीम के साथ तथा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली और आवश्यक कार्रवाई कराई. पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जर्जर मकान की छत गिरने से हादसा होना प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव के पुराने और जर्जर मकानों का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
ADVERTISEMENT











