Saharanpur News: मंडी समिति रोड स्थित विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान मंगलवार को बिजली विभाग का एक संविदाकर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
ADVERTISEMENT
घायल की पहचान रजनीश के रूप में हुई है, जो पिछले करीब 10 से 12 वर्षों से बिजली विभाग में संविदा कर्मचारी के तौर पर कार्यरत है. घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए.
घायल के पिता धारा सिंह ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी फोन के माध्यम से मिली. उन्होंने कहा कि उनका बेटा कई वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्य कर रहा है. उन्होंने विभाग से हरसंभव सहायता की अपेक्षा जताते हुए कहा कि उन्हें बेटे के बीमा और अन्य सुविधाओं की जानकारी नहीं है.
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे. विभाग के एसडीओ ने बताया कि घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया है.
उन्होंने कहा कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कर्मचारी किस स्थिति में लाइन पर कार्य कर रहा था. पूरे मामले की जांच कराई जा रही है. यदि जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
हादसे के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में चिंता का माहौल है. वहीं, परिजन रजनीश के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. पुलिस और बिजली विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं.
ADVERTISEMENT











