Neeraj Singh BJP News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 98 सांगठनिक जिलों और महानगरों के लिए नए प्रभारियों की घोषणा की है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कल यानि 19 सितंबर को नई सूची जारी की. पश्चिम, बृज, कानपुर, अवध, काशी और गोरखपुर क्षेत्र के लिए प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है. इस सूची में रायबरेली को लेकर खास चर्चा है, जहां बीजेपी ने प्रदेश उपाध्यक्ष और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के छोटे बेटे डॉ. नीरज सिंह को जिला प्रभारी बनाया है.
ADVERTISEMENT
राहुल गांधी के क्षेत्र में नीरज सिंह की एंट्री
रायबरेली लोकसभा सीट कांग्रेस नेता राहुल गांधी का संसदीय क्षेत्र है. ऐसे में बीजेपी की नई सूची में इस जिले की जिम्मेदारी डॉ. नीरज सिंह को दिया जाना राजनीतिक रूप से चर्चा में है. नीरज सिंह अब रायबरेली में पार्टी के संगठनात्मक कामकाज और स्थानीय स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे. सूची में अवध क्षेत्र के तहत रायबरेली के सामने उनका नाम दर्ज है.
2027 से पहले रायबरेली पर फोकस
बीजेपी ने यह संगठनात्मक फेरबदल ऐसे समय किया है, जब प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां आगे बढ़ रही हैं. जिला प्रभारी की भूमिका में स्थानीय संगठन, कार्यकर्ताओं और पार्टी के कार्यक्रमों के बीच समन्वय अहम होता है. रायबरेली जैसे राजनीतिक रूप से चर्चित जिले में नीरज सिंह को यह जिम्मेदारी मिलने से संगठन की गतिविधियों पर भी नजर रहेगी. मीडिया रिपोर्टों में इस नियुक्ति को 2027 की तैयारियों के संदर्भ में देखा जा रहा है.
टिकट से लेकर संगठन तक रहेगी नजर
2027 विधानसभा चुनाव से पहले सभी पार्टियों के लिए संगठनात्मक तैयारियां महत्वपूर्ण हैं. ऐसे में जिला प्रभारी की नियुक्ति को आने वाले चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, किसी विधानसभा सीट पर उम्मीदवार का अंतिम चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत होता है. नीरज सिंह की रायबरेली में नियुक्ति के बाद स्थानीय संगठन में उनकी सक्रियता और पार्टी की आगामी गतिविधियों पर नजर रहेगी.
ADVERTISEMENT











