Saharanpur News: सहारनपुर के देवबंद में 'शिव मंदिर' का दावा, हिंदू रक्षा दल ने कहा- अगली बार गुंबद के नीचे चढ़ाएंगे गंगाजल, अयोध्या चंदा चोरी की जांच हो

Newzo

• 03:59 PM • 14 Jul 2026

Saharanpur Deoband Controversy: देवबंद के एक धार्मिक स्थल के नीचे कथित शिव मंदिर होने के दावे को लेकर हिंदू रक्षा दल ने प्रशासन पर जांच में देरी का आरोप लगाया है. संगठन ने समयबद्ध जांच, कथित शत्रु संपत्ति की पड़ताल और अयोध्या चंदा अनियमितता की निष्पक्ष जांच की मांग उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी भी दी.

 सहारनपुर के देवबंद में 'शिव मंदिर' का दावा, हिंदू रक्षा दल ने कहा- अगली बार गुंबद के नीचे चढ़ाएंगे गंगाजल, अयोध्या चंदा चोरी की जांच हो

सहारनपुर के देवबंद में 'शिव मंदिर' का दावा, हिंदू रक्षा दल ने कहा- अगली बार गुंबद के नीचे चढ़ाएंगे गंगाजल, अयोध्या चंदा चोरी की जांच हो

Google CTA

Saharanpur Deoband Controversy: उत्तराखंड हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा मंगलवार को अपनी टीम के साथ सहारनपुर पहुंचे. उन्होंने देवबंद स्थित एक धार्मिक स्थल के नीचे कथित शिव मंदिर होने के दावे को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और मामले की समयबद्ध जांच कराने की मांग की.

यह भी पढ़ें...

ललित शर्मा ने कहा कि उनकी संस्था पहले भी इस संबंध में प्रशासन को ज्ञापन दे चुकी है, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं हुई. उन्होंने मांग की कि प्रशासन निर्धारित समय सीमा में जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर जनहित याचिका दायर की जा सके.

उन्होंने दावा किया कि संबंधित धार्मिक स्थल के नीचे शिव मंदिर होने के साक्ष्य मौजूद हैं. हालांकि उन्होंने मीडिया के समक्ष कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया और कहा कि सभी साक्ष्य न्यायालय के समक्ष पेश किए जाएंगे. उनका कहना था कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना प्रशासन की जिम्मेदारी है.

ललित शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित परिसर से जुड़े शत्रु संपत्ति के मामलों की भी जांच कराई जानी चाहिए. उनका कहना था कि यदि समय रहते जांच पूरी कर ली जाती तो दोबारा ज्ञापन देने की आवश्यकता नहीं पड़ती.

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो अगली बार हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिव भक्त देवबंद पहुंचेंगे और जिस स्थान को वे शिव मंदिर बताते हैं, वहां जलाभिषेक करेंगे. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर शिव भक्त किसी भी संघर्ष के लिए तैयार हैं.

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जुड़े कथित चंदा अनियमितता के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने देवबंद के मामले की भी गंभीरता से जांच कराने की मांग दोहराई.फिलहाल इस पूरे मामले पर जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.